करनाल में शर्मनाक घटना, अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार बनाया शारीरिक संबंध

करनाल में ब्यूटीशियन से दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेलिंग का मामला। आरोपी विशु के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR।

करनाल : करनाल में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता कुंजपुरा क्षेत्र के एक ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़िता (निवासी: करनाल) ने बताया कि करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला विशु उसके घर आया था। वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। आरोपी विशु ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने कई बार उसे मना किया और समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार उसके पीछे पड़ा रहा।

पीड़िता के अनुसार, 5 मार्च को आरोपी विशु ने उसे सुसाइड करने की धमकी दी। उसने कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह अपनी जान दे देगा। धमकी से डरकर युवती 7 मार्च की सुबह करीब 10 बजे उससे मिलने पहुंची। आरोपी उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर पुराने बस स्टैंड (करनाल) के सामने स्थित एक होटल में ले गया। हॉटेल में आरोपी ने शादी का वादा करके युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने चुपके से पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लीं।

फोटो-वीडियो के दम पर ब्लैकमेलिंग
होटल से निकलने के बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद 25 अप्रैल को उसने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने का दबाव बनाकर युवती को दोबारा होटल बुलाया और उसके साथ गलत काम किया। अब आरोपी पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.