धारूहेड़ा के गांव भटसाना में सनसनीखेज वारदात, पट्‌टे की जमीन पर दफनाया गया शव बरामद

रेवाड़ी के गांव भटसाना में डेयरी की जमीन के नीचे दबी मिली युवक की लाश। सिर पर चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी।

रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव भटसाना की डेयरी की जमीन के नीचे एक युवक की डेड बॉडी दबी मिली. मृतक युवक के सिर पर चोट के निशान भी है लेकिन अभी इसकी पहचान नहीं हुई है. सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात लगभग 1 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवक के शव को बाहर निकाला गया, लेकिन अभी युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया.

शव को ज़मीन में दफनाया : रेवाड़ी के गांव फाजिलपुर निवासी अरूण उर्फ मन्नु ने गांव भटसाना में करीब 14 एकड़ जमीन पट्‌टे पर ली हुई है और धारूहेड़ा में रहते हैं. पट्‌टे की जमीन पर उनका फार्म हाउस है जिस पर वे खेती करने के साथ डेयरी भी चलाते हैं. रविवार को 3-4 युवक कार में सवार होकर डेयरी में पहुंचे जिनको वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने कार से शव निकालकर जमीन में दफनाते हुए देख लिया. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी.

शव को बाहर निकाला गया : सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम को बुलाने के बाद जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया. जांच करने पर सिर पर चोट के निशान मिले. शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर पुलिस ने अब शव की पहचान के साथ संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

आरोपियों की तलाश जारी : धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल सिंह ने बताया कि एक युवक द्वारा थाने में आकर सूचना दी गई थी कि कुछ युवक कार में सवार होकर एक खाली खेत पर आए थे. इसके बाद एक युवक को गड्ढा खोदकर दबाया गया है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे. वीडियो ग्राफी के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डेड बॉडी को बाहर निकाला गया और नागरिक अस्पताल में रखवाया गया लेकिन अभी पहचान नहीं हुई है. आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश जारी है और गिरफ्तारी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.