डीएसपी गोरखपाल राणा के नेतृत्व में सीआईए असंध की कार्रवाई, अवैध पिस्टल बरामद
करनाल के असंध में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़। जवाबी फायरिंग में घायल हुआ स्नैचर संदीप, अवैध हथियार बरामद।
करनाल : करनाल के असंध इलाके में रात के समय गश्त कर रही पुलिस टीम और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जबड़ा नहर के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल 5 राउंड गोलियां चलीं। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे, वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश की टांग में गोली लग गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
असंध के डीएसपी गोरखपाल राणा के अनुसार, CIA असंध की टीम रात को इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान जबड़ा नहर के पास सामने से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 3 राउंड फायर कर दिए। एक गोली सीधे पुलिस की गाड़ी में जा लगी, जिससे एक पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गया।
जवाबी फायरिंग में ढेर हुआ मंसूबा
बदमाश की ओर से हुई अचानक फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली बदमाश की टांग में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत काबू कर लिया गया। मौके से बदमाश के पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है।
3 महीने पहले ही जेल से आया था बाहर
डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान संदीप (निवासी हिसार) के रूप में हुई है। संदीप एक पेशेवर स्नैचर है और उस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह महज 3 महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से निकलते ही उसने दोबारा वारदातें शुरू कर दीं और घटना की रात भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।