गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात, चचेरे भाई ने साथी के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम
गाजियाबाद के खोड़ा में शादी न होने पर रिश्तेदार किशोरी का अपहरण कर रेप। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
गाजियाबाद के खोड़ा थानाक्षेत्र में रहने वाले युवक ने शादी न होने पर रिश्तेदार किशोरी को अपने भाई के साथ मिलकर अगवा कर लिया। आरोपी किशोरी को ट्रेन से बिहार में गया के पास एक गांव में ले गए, जहां उसे पांच दिनों तक अंधेरे कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ रेप किया। केस दर्ज होने का पता चलते ही आरोपी किशोरी को खोड़ा पुस्ता पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
खोड़ा की एक कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति की 14 साल की बड़ी बेटी 29 अगस्त की सुबह लगभग दस बजे किसी काम से घर से बाहर गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं आई। वह तीन दिनों तक बेटी की तलाश करते रहे। बेटी की तलाश में दिल्ली, नोएडा, फर्रुखाबाद और एटा में रिश्तेदारों के यहां भी गए, लेकिन बेटी का कुछ पता नहीं चला। एक सितंबर को उन्होंने थाने में बेटी के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले 50 साल के मदन सिंह और उसके भाई 40 साल गौतम के परिवार से जानकारी करने का प्रयास किया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक दोनों दूर के रिश्तेदार हैं। इसलिए उन्होंने पूछताछ की थी, लेकिन बेटी के बारे में पूछते ही मदन के परिवार की महिलाओं ने अभद्रता शुरू कर दी। उन्हें धमकी दी और भगा दिया। इससे उन्हें शक हुआ, क्योंकि पूछताछ के वक्त गौतम मौजूद भी नहीं था। उन्होंने पुलिस को इस बारे में बताया, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। आरोपियों की कॉल डिटेल निकलवाई। इसी बीच चार सितंबर को उनकी बेटी घर पहुंची। परिजनों को उसने आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करवाया। जांच में रेप की पुष्टि हुई। बुधवार को पुलिस ने अदालत में किशोरी के बयान दर्ज कराए। पीड़िता ने बताया कि गौतम उससे शादी करना चाहता था, इसीलिए अगवा कर लिया था।
अंधेरे में मुंह बांधकर रखता था
पीड़िता ने बताया कि जिस कमरे में पांच दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था, उसमें बिजली भी नहीं थी। कमरे में हमेशा अंधेरा रहता था। गौतम जब कमरे में होता तो उसके हाथ खोल देता था। सामान लेने बाहर जाता था तो उसे बांधकर कमरे को बाहर से ताला लगाकर चला जाता था।
आरोपी की शादी नहीं हो रही थी
किशोरी के पिता के अनुसार दोनों आरोपी उनके दूर के रिश्तेदार लगते हैं। रेप करने वाला आरोपी गौतम किशोरी का चचेरा भाई लगता है। जब वह मदन और गौतम के घर बेटी के बारे में बातचीत करने गए थे तो मदन और उसकी पत्नी घबरा गए थे और उनसे गाली-गलौज करते हुए धमकी दी थी, जिससे उन्हें दोनों पर संदेह हुआ था। गौतम की उम्र काफी हो चुकी है और शादी भी नहीं हो रही थी। उन्होंने यह बात पुलिस को बताई थी।
पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा
घर लौटी किशोरी ने परिजनों को बताया कि घर से निकलने के बाद उसे मदन और गौतम मिले थे। दोनों ने कहा कि उसकी मां ने कहीं ले जाने के लिए कहा है और आरोपी उसे अपने साथ ले गए और ट्रेन में बैठाकर बिहार ले गए। रास्ते में किशोरी ने मम्मी से बात करने की जिद की तो दोनों ने बहाना बना दिया। दोनों उसे बिहार में गया के पास बजोल गांव में ले गए और एक कमरे में बंधक बना लिया। किशोरी को वहां छोड़ने के बाद मदन गाजियाबाद लौट आया, जबकि गौतम ने किशोरी को कमरे में ही बंधक बनाए रखा। गौतम ने उससे कई बार रेप किया।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एक सितंबर को अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था। मेडिकल परीक्षण में रेप की पुष्टि होने और आरोपियों की पहचान होने के बाद पॉक्सो की धारा बढ़ाई है। बुधवार को किशोरी के अदालत में बयान दर्ज करवाए हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीम यूपी और बिहार में संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।