राव नरेंद्र सिंह का दावा, आगामी विधानसभा चुनाव में 70 से अधिक सीटें जीतेगी कांग्रेस

पानीपत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस 70+ सीटें जीतकर बनाएगी सरकार।

पानीपत: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव तक गरीब, मजदूर, किसान, छोटे व्यापारी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सड़क पर संघर्ष करेगी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में 70 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि इस बार टिकट वितरण में पिछली गलतियों से सबक लेते हुए योग्य, लोकप्रिय और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी.

11 महीने से प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने का दावा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद पिछले करीब 11 महीनों से वह लगातार हरियाणा का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं. विधानसभा और जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी से दूरी बना चुके या निराश होकर घर बैठ गए कार्यकर्ताओं को दोबारा संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. कांग्रेस का फोकस संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर है.

कांग्रेस के 70+ सीटों के लक्ष्य का दावा: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस 70 से अधिक सीटें जीतकर हरियाणा में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए भी पार्टी कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं. आने वाले दिनों में प्रदेश के प्रत्येक जिले में जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और गरीबों तथा आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई सड़क पर मजबूती से लड़ी जाएगी.

चुनाव तक जनता के मुद्दों पर सड़क पर उतरने का दावा: राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान का स्पष्ट निर्देश है कि चुनाव तक कांग्रेस जनता के बीच रहकर उसके मुद्दे उठाए. गरीब, मजदूर, किसान, छोटे व्यापारी और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक संघर्ष करेगी. उन्होंने कहा कि पानीपत में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन की पूरे हरियाणा में चर्चा हुई. आने वाले दिनों में इसी तरह के कार्यक्रम प्रदेश के प्रत्येक जिले में आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका को मजबूती से निभाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी.

टिकट वितरण में पिछली गलतियों से सबक लेने का दावा: विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि जिसे जनता के बीच स्वीकार्यता हासिल हो, जो योग्य हो और चुनाव जीतने की क्षमता रखता हो, उसे उम्मीदवार बनाया जाए. उन्होंने कहा कि पार्टी पिछली गलतियों से सीख रही है और इस बार टिकट वितरण में पूरी सावधानी बरती जाएगी. उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की संभावित उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

गरीबों के मकान तोड़ने को लेकर भाजपा पर निशाना: राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीबों के मकान तोड़े जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ बड़े नेताओं पर अवैध कॉलोनियां काटने के आरोप लगते रहे हैं. उन्होंने कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई गरीबों के खिलाफ नहीं होनी चाहिए. सरकार को किसी गरीब का मकान तोड़ने से पहले प्रभावित परिवार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए.

परिसीमन में भेदभाव नहीं होने की बात: परिसीमन को लेकर पूछे गए सवाल पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि उनके विचार से परिसीमन होना है. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया इस तरह होनी चाहिए कि देश के सभी हिस्सों, राज्यों, जातियों और धर्मों को समान अधिकार मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.