आकिब जावेद की जाएगी कुर्सी? शाहिद अफरीदी के चीफ सेलेक्टर बनने की खबरों का सच आया सामने

पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी, आकिब जावेद और वहाब रियाज की हो सकती है छुट्टी। शाहिद अफरीदी की खबरों पर हुआ खुलासा।

पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल ना हो, अफवाहों की जगह ना हो, ऐसा कैसे हो सकता है? इसी की तो मिसाल है ताजा-ताजा मामला जो अभी चल रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान टीम के चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद की कुर्सी जा सकती है. इसी बीच सोशल मीडिया पर भी ये खबर गर्म है कि शाहिद अफरीदी को PCB अगला चीफ सेलेक्टर बना सकती है. लेकिन, आकिब जावेद की कुर्सी जाने की खबरों के बीच, पाकिस्तान में शाहिद अफरीदी को लेकर फैली अफवाह में कितना दम है? क्या है उसके पीछे की सच्चाई?

आकिब जावेद पर एक्शन लेंगे मोहसिन नकवी!

पाकिस्तान क्रिकेट की जो इंग्लैंड में फजीहत हुई. टेस्ट सीरीज 0-3 से गंवाने के बाद ICC की नई टेस्ट रैंकिंग में जो टीम पिछले 10 साल के अपने सबसे न्यूनतम स्तर पर गिरी है, कहा जा रहा है कि मोहसिन नकवी उससे नाराज हैं. उनके सब्र का बांध टूट चुका है और अब उनके निशाने पर पाकिस्तान मेंस टीम के चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद हैं.

आकिब जावेद के अलावा वहाब रियाज की भी होगी छुट्टी!

इंग्लैंड में बीच सीरीज के दौरान जो पाकिस्तान की टेस्ट टीम में उथल पुथल देखने को मिली. उसके 7 खिलाड़ी, हेड कोच और गेंदबाजी कोच को जो टीम से बाहर होना पड़ा, उसके पीछे के मास्टर माइंड आकिब जावेद ही रहे हैं. आकिब के उस कारनामे से टीम का तो भला नहीं हुआ लेकिन पाकिस्तान के चीफ सेलेक्टर के तौर पर लगता है उनका अंत समय जरूर आ गया है. अगर रिपोर्ट पक्की है तो फिर चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम में मेंटॉर और बॉलिंग कोच वहाब रियाज, दोनों की अपने पद से छुट्टी हो सकती है.

शाहिद अफरीदी को लेकर फैली अफवाह में कितना दम?

अब सवाल है कि आकिब गए तो पाकिस्तान का चीफ सेलेक्टर बनेगा कौन? सोशल मीडिया पर चर्चा शाहिद अफरीदी के नाम को लेकर गर्म है. लेकिन, उस खबर में कितना दम है, उसका पता लगाने के लिए जब एक पाकिस्तानी पत्रकार ने सीधे शाहिद अफरीदी को फोन लगाया, तो उन्होंने उन खबरों की पुष्टि नहीं की. शाहिद अफरीदी से बात करने के बाद पाक पत्रकार तल्हा नवाज ने उन खबरों को गलत और अफवाह बताया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.