बिहार के रहने वाले फैक्ट्री वर्कर की हरियाणा में दर्दनाक हत्या, आपसी विवाद बना खूनी खेल
सोनीपत के सेवली गांव में शराब पार्टी के दौरान दोस्तों ने अनुज गुप्ता की पीट-पीटकर की हत्या। आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
सोनीपत : जिस दोस्ती पर आंख बंद कर भरोसा था, उसी दोस्ती ने जिंदगी छीन ली. इस वारदात के बाद शायद यकीन और यारी, दोनों पर सवाल खड़े होंगे. सेवली गांव में दोस्तों के साथ शराब पी रहे अनुज गुप्ता की कहासुनी के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. कुछ देर पहले तक जो लोग साथ बैठकर जाम पी रहे थे, उन्हीं पर अब दोस्त की हत्या का आरोप है.
अनुज गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या : हरियाणा के सोनीपत के सेवली गांव में शराब के नशे में दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया. कहासुनी के बाद दोस्तों ने अनुज गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी. अनुज बिहार के भागलपुर का रहने वाला था और फैक्ट्री में काम करता था. वो अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और क्राइम टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल राई थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस से न्याय की गुहार : घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. अब पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोस्ती की उस महफिल में ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते अनुज गुप्ता की हत्या कर दी गई. उधर, मृतक की पत्नी ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ विवाद की असली वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
आरोपियों की तलाश जारी : वहीं इस हत्याकांड की जानकारी देते हुए एसीपी राई मलकीत सिंह ने बताया कि सेवली गांव में शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अनुज गुप्ता के साथ मारपीट की, जिसमें उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस वारदात की वजह और पूरे घटनाक्रम की भी गहनता से जांच कर रही है.