गाजियाबाद में बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क से नीचे गिरी, बड़ा हादसा टला
गाजियाबाद के प्रताप नगर में बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क से नीचे गिरी। हादसे में चारों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गुरुवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार की सुबह, यहां बच्चों से भरी एक स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार 17 सितंबर की सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक प्राइवेट वैन अचानक सड़क से नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वैन में चार बच्चे सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि चारों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई।
सड़क से नीचे जा गिरी स्कूल वैन
जानकारी के मुताबिक, ये हादसा 17 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे गाजियाबाद के प्रताप नगर इलाके की है। वैन चालक लखन, 13 से 14 साल की उम्र के चार बच्चों को प्रताप विहार स्थित डीएवी स्कूल ले जा रहा था। इसी दौरान अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर नीचे जा गिरी। कुछ दूरी पर जाकर वैन रुक गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वैन को सड़क से नीचे गिरा देखकर लोग काफी घबरा गए थे। लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला और उनकी जांच की। गनीमत रही कि चारों बच्चों को किसी तरह की चोट नहीं लगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
इसके बाद बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी उनके माता-पिता को भी दी गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। बच्चों के सुरक्षित बच जाने से परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के मुताबिक, ये वैन एक प्राइवेट स्कूल की थी। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफा वायरल हो रहा है।