गाजियाबाद में 10वीं की छात्रा ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान, पढ़ाई के प्रेशर का किया जिक्र

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार में 10वीं की छात्रा ने 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर की आत्महत्या। सुसाइड नोट में पढ़ाई के प्रेशर का किया जिक्र।

गाजियाबाद में दसवीं कक्षा की छात्रा ने कथित तौर पर 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने बताया है कि पढ़ाई के प्रेशर में यह कदम उठाया है। घटना सिद्धार्थ विहार की है। पुलिस मौके पर पहुंची और फिर छात्रा को अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया है कि सुसाइड नोट के पहले पेज पर छात्रा ने लिखा है कि ‘पढ़ाई के दबाव के चलते मैं यह कदम उठा रही हूं। कोई भी इसके लिए दोषी नहीं है। मैं खुद को दोषी मानती हूं। आई लव यू मम्मी-पापा।’

प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पुलिस ने बताया है कि लड़की की उम्र 16 वर्ष थी और वह एक प्राइवेट स्कूल की छात्रा थी। छात्रा अपने मम्मी-पापा और छोटे भाई-बहन के साथ फ्लैट में रहती थी। विजय नगर पुलिस स्टेशन के एसएचओ धर्म पाल ने बताया कि ‘आत्महत्या करने से पहले लड़की ने परिवार के लिए चाय बनाई थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने क्या बताया?

एसीपी (कोतवाली) उपासना पांडे ने बताया कि ‘मंगलवार शाम करीब 7 बजे सिक्योरिटी गार्ड और सोसाइटी के निवासियों कुछ गिरने की आवाज सुनी। जब पास जाकर देखा तो लड़की खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की एक टीम लड़की को पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।’

उन्होंने आगे बताया ‘हमें दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। हम उसकी कॉल डिटेल और मोबाइल फोन की जांच कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। इसके अलावा सुसाइड नोट को हैंडराइटिंग मैचिंग के लिए भेजा गया है। परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।’

हर पहलु से जांच की जा रही

पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। इसके अलावा सोसाइटी में भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर छात्रा ने किन परिस्थितियों में 15वीं मंजिल से गिरी। छात्रा के परिजनों से पूछताछ और मौके से मिले सुसाइड नोट की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.