नोएडा के इन 10 से ज्यादा प्रमुख स्थानों पर लगता है भारी जाम, अवैध पार्किंग और बॉटलनेक बनी बड़ी समस्या

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध पार्किंग और संकरी सड़कों के कारण लग रहा है भीषण जाम। परिवहन विभाग ने की 650 से अधिक पुराने वाहन जब्त।

नोएडा जिले में दस से अधिक प्रमुख स्थानों पर सड़क संकरी होने से जाम लग रहा है। इनमें कई स्थानों पर अवैध पार्किंग इसकी मुख्य वजह है। लोग सड़क के दोनों तरफ गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इसके अलावा अन्य कारणों में सड़कों की कम चौड़ाई (बॉटलनेक), निर्माण कार्य और सड़कों का जर्जर होना भी शामिल है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बाजारों, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और दफ्तरों के बाहर सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने से चलती हुई सड़क का एक बड़ा हिस्सा ब्लॉक हो जाता है। इनमें सेक्टर-51 होशियारपुर, सेक्टर-58, 59, सेक्टर-12 से 11 की तरफ जाने वाली सड़क, हरौला की मुख्य सड़क, सेक्टर-8 से सेक्टर-1 गोलचक्कर जाने वाला पूरा मार्ग, सेक्टर-121 क्लियो काउंटी के सामने की सड़क, सेक्टर-57 लेबर चौक से सेक्टर 62 का पूरा मार्ग, सेक्टर-62 और 63 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-33 आरटीओ कार्यालय के बाहर की मुख्य सड़क आदि स्थान शामिल हैं। कुछ स्थानों पर सड़क के दोनों तरफ गाड़ियां अवैध रूप से पार्क की जाती है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

हर महीने 20 हजार से अधिक चालान

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि जिन स्थानों पर बॉटलनेक के कारण वाहनों की रफ्तार कम हो जाती है, वहां पर कारगर उपाय किए जा रहे हैं। इसके अलावा चौराहों को बंद करके यूटर्न बनाए जा रहे हैं। तिलपता मार्ग पर ऐसा ही उपाय किए जाने की सहमति ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के साथ बनी है। अवैध पार्किंग के हर माह 20 हजार से अधिक चालान किए जा रहे हैं।

नोएडा साढ़े छह सौ से अधिक गाड़ियां जब्त

नोएडा में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने जिले में 15 दिनों के अंदर अवैध रूप से दौड़ रहे 650 से अधिक पुराने (समयसीमा पार कर चुके) वाहन जब्त किए हैं। इन वाहनों को पंजीकृत वाहन कबाड़ सुविधा केंद्र को सौंप दिया है। इन वाहन मालिकों को निर्धारित कबाड़ मूल्य दिया जाएगा।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 10 वर्ष से अधिक पुराने डीजल और 15 वर्ष से ज्यादा पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन व सार्वजनिक स्थानों पर पार्किंग पर पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई वाहन मालिक नियमों की अनदेखी कर इन वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन टीमों ने जिले के प्रमुख चौराहों, एक्सप्रेसवे और आंतरिक मार्गों पर विशेष बैरिकेडिंग कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुरानी कार, एसयूवी और व्यावसायिक वाहनों को जब्त किया गया। इन सभी वाहनों को सीधे अधिकृत वाहन कबाड़ सुविधा केंद्रों के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां नियमानुसार इन्हें कबाड़ में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि समयसीमा पूरी कर चुके वाहनों को सड़क पर न निकालें और न ही किसी सार्वजनिक स्थान या सड़क किनारे खड़ा करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.