खगड़िया के होटल में प्रेमी-प्रेमिका संदिग्ध हालत में झुलसे, शादी के विवाद और पेट्रोल से आग लगाने की बात आई सामने

बिहार के खगड़िया में होटल के कमरे में प्रेमी-प्रेमिका के झुलसने का मामला। शादी के विवाद को लेकर पुलिस कर रही है जांच।

बिहार के खगड़िया में शुक्रवार को एक होटल के कमरे में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका के झुलसने का मामला सामने आया है. घटना रेलवे स्टेशन रोड स्थित आदर्श होटल की है. दोनों करीब छह महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे और शादी को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था. इसी दौरान होटल के कमरे में अचानक आग लग गई. दोनों करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं. उन्हें गंभीर हालत में खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

छह महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग

दोनों दरभंगा जिले के रहने वाले हैं. युवती समस्तीपुर के दलसिंहसराय में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती है, जबकि युवक कटिहार के करागोला में किराए के मकान में रहकर काम करता है. दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा कि दोनों शादी को लेकर बातचीत करने के लिए पहले कटिहार गए थे, लेकिन वहां होटल में कमरा नहीं मिला. इसके बाद दोनों खगड़िया पहुंचे और रेलवे स्टेशन रोड स्थित आदर्श होटल में कमरा लिया.

शादी को लेकर विवाद का दावा

युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह शादी नहीं करना चाहता था. युवक के मुताबिक, होटल पहुंचने के बाद युवती के मोबाइल पर उसकी मां और भाई के लगातार फोन आ रहे थे. युवती ने फोन साइलेंट कर दिया था. युवक का कहना है कि इसके बाद वह सो गया. करीब तीन बजे उसकी नींद खुली तो उसने वहां से जाने की बात कही. इसी दौरान उसके मुताबिक, युवती ने पेट्रोल डालकर उसके कपड़ों में आग लगा दी.

दोनों के बयान अलग-अलग

युवक के मुताबिक, आग लगने के बाद उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की. इसी दौरान युवती ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद आग की लपटों ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और दोनों बुरी तरह झुलस गए. वहीं युवती की ओर से अलग दावा किया गया है. युवती ने बताया कि युवक ने उसे आग के हवाले किया. इसके बाद वहां से भागने की कोशिश कर रहा था. इसी वजह से दोनों के बयान पुलिस के लिए जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं.

चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारी पहुंचे

आग लगने के बाद होटल में अफरातफरी मच गई. कमरे से चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे. घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी होटल पहुंची. होटल कर्मचारियों की मदद से आग बुझाई गई. दोनों को गंभीर हालत में खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों करीब 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

पेट्रोल कहां से आया? पुलिस कर रही जांच

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कमरे में आग कैसे लगी और इसकी शुरुआत किसने की. नगर थाना पुलिस होटल के कमरे की जांच कर रही है. पुलिस पेट्रोल के कमरे तक पहुंचने, आग लगने की परिस्थितियों और घटना से पहले दोनों के बीच हुए विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस दोनों के बयानों के साथ होटल के कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.