स्मृति ईरानी बनीं हरियाणा बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी, डॉ. भोला सिंह को मिली सह-प्रभारी की जिम्मेदारी

भाजपा ने स्मृति ईरानी को बनाया हरियाणा का नया प्रदेश प्रभारी। डॉ. भोला सिंह बने सह-प्रभारी, सतीश पूनिया का जताया आभार।

चंडीगढ़ः भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा विभिन्न प्रदेशों के प्रभारी और सह प्रभारी के दायित्वों में बदलाव के तहत हरियाणा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री व सांसद डॉ. भोला सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने दोनों नेताओं का हरियाणा भाजपा परिवार की ओर से स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी.

प्रदेश संगठन को और मजबूती मिलेगी: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि “स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय राजनीति, सरकार और संगठन में व्यापक अनुभव हरियाणा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन साबित होगा. वहीं डॉ. भोला सिंह के लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं से जुड़कर काम करने की क्षमता से प्रदेश संगठन को और मजबूती मिलेगी.” उन्होंने कहा कि “पार्टी का संगठन बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक निरंतर विस्तार और मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रहा है. नए प्रभारी-सह प्रभारी के मार्गदर्शन में इस अभियान को और गति मिलेगी.

‘दायित्व परिवर्तन संगठन की स्वाभाविक प्रक्रिया है’: प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा कि “भाजपा में दायित्व परिवर्तन संगठन की स्वाभाविक प्रक्रिया है. हर दायित्वधारी अपने अनुभव से संगठन को मजबूत करने में योगदान देता है और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.” उन्होंने कहा कि “हरियाणा भाजपा का पूरा संगठन नए प्रभारी और सह प्रभारी के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा.”

डॉ. सतीश पूनिया और सुरेंद्र नागर का जताया आभारः प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूर्व प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और सह प्रभारी सुरेंद्र नागर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के कार्यकाल में प्रदेश भाजपा के संगठन को उनका अनुभव, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ. कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, संगठनात्मक गतिविधियों को दिशा देने और प्रदेश संगठन को मजबूत करने में उनके मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.” उन्होंने कहा कि “डॉ. सतीश पूनिया और सुरेंद्र नागर ने जिस आत्मीयता और संगठनात्मक समर्पण के साथ हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया, उसके लिए पूरा प्रदेश संगठन उनका आभारी है. उनके अनुभव और सुझाव भविष्य में भी संगठन के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.