करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, सगे बेटे ने ही दी थी सुपारी
करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा मोड़। सगे बेटे सुब्रत मिनोचा ने 6 लाख की सुपारी देकर की थी पिता की हत्या।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चर्चित करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में बुधवार देर रात एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के सगे बेटे सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की कड़ियां तब खुलीं जब पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में कारोबारी के पूर्व नौकर विशाल ने दावा किया कि उसने विनीत मिनोचा की हत्या किसी और के कहने पर नहीं, बल्कि उनके अपने बेटे सुब्रत के इशारे पर की थी.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नौकर विशाल ने कई सनसनीखेज खुलासे किए. विशाल के मुताबिक- सुब्रत ने पिता की हत्या के बदले उसे 6 लाख रुपये देने का वादा किया था. सुब्रत ने उसे हिदायत दी थी कि अगर वह पकड़ा भी जाए, तो पूरा आरोप अपनी बहू/सुब्रत की पत्नी शालू पर मढ़ दे. विशाल ने बताया कि दुकान से दवाएं चोरी करने के लिए भी उसे सुब्रत ने ही कहा था. जब यह चोरी पकड़ी गई, तो विनीत ने बेटे सुब्रत को कड़ी फटकार लगाई थी, जिसके बाद विशाल को नौकरी से निकाल दिया गया था.
“मौत स्वाभाविक लगे”: 6 बार आया फोन और चाकू से वार
विशाल ने पुलिस को बताया कि हत्या वाले दिन सुब्रत ने उसे करीब 6 बार फोन किया था और हर बार काम जल्दी खत्म करने की बात कही. सुब्रत चाहता था कि हत्या को इस तरह अंजाम दिया जाए जैसे विनीत की मौत स्वाभाविक हुई हो. लेकिन वारदात के वक्त विनीत मिनोचा की आंख खुल गई और उन्होंने विशाल को पहचान कर शोर मचाना शुरू कर दिया. घबराहट में विशाल ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
थाने में आमना-सामना: पति को देख रो पड़ी शालू
बुधवार को पुलिस ने थाने में सुब्रत, उसकी पत्नी शालू और नौकर विशाल को आमने-सामने बैठाकर करीब 40 तीखे सवालों से पूछताछ की. जैसे ही शालू का सामना अपने पति सुब्रत से हुआ, वह फूट-फूटकर रो पड़ी और बोली- “मुझे इस पूरे मामले में जबरन फंसा दिया गया है.” पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बेटे सुब्रत पर करीब 15 लाख रुपये का भारी कर्ज था, जिसे चुकाने और जायदाद हासिल करने के लिए उसने यह खौफनाक साजिश रची.
सुब्रत ने आरोपों को नकारा, जांच जारी
दूसरी तरफ, गिरफ्तार बेटे सुब्रत ने नौकर विशाल के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उसका कहना है कि विशाल उसे झूठे मामले में फंसा रहा है और उसने कभी चोरी या हत्या के लिए नहीं कहा. कानपुर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुब्रत पर लगे आरोपों की स्वतंत्र व फॉरेंसिक पुष्टि की जा रही है. CDR और वित्तीय लेन-देन के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.