ग्रेटर नोएडा के होटल में संदिग्ध हालात में गिरे हरगोविंद सिंह, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
ग्रेटर नोएडा के होटल में इन्वेस्ट यूपी के महाप्रबंधक हरगोविंद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। पुलिस जांच में जुटी।
ग्रेटर नोएडा के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में खिड़की से नीचे गिरकर इन्वेस्ट यूपी के महाप्रबंधक हरगोविंद सिंह की मौत हो गई। वह इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामिल होने आए हुए थे। शुक्रवार की रात वह दोस्तों के साथ होटल की पहली मंजिल पर एक कमरे में ठहरे थे। शनिवार सुबह उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुर, लखनऊ के रहने वाले 63 वर्षीय हरगोविंद सिंह उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास विभाग के अंतर्गत इन्वेस्ट यूपी के प्रशासन/एचआर सेल में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
गाजियाबाद में बेटे से मिलकर होटल पहुंचे थे
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामिल होने के बाद महाप्रबंधक हरगोविंद सिंह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने वाले अपने बेटे के पास गए थे। बेटे से मिलने के बाद वह होटल पहुंचे थे। सभी दोस्तों ने होटल में एक साथ बैठकर भोजन किया। रात करीब 11:30 बजे सभी सो गए। सुबह होने पर उन्हें महाप्रबंधक हरगोविंद सिंह के होटल से गिरकर मौत के बारे में पता चला।
छोटे बेटे की चल रही शादी की तैयारी मातम में बदली
हरगोविंद सिंह की मौत के बाद परिवार में कोहरा मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अगले महीने उनके छोटे बेटे की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। खुशी का माहौल गम में बदल गया। परिवार के लोग शनिवार को हरगोविंद सिंह का शव लेकर लखनऊ चले गए।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह डायल 112 से होटल में घटना के बारे में पता चला था। इसके बाद पुलिस की टीम होटल पहुंची थी। होटल में घटनाक्रम को लेकर गहनता से छानबीन की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने अधिकारी के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली है।
पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक हरगोविंद सिंह की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रखा है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी परिजनों की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है। परिजन पोस्टमार्टम कराने के बाद शव लेकर चले गए हैं। परिजनों की तरफ से यदि कोई शिकायत की जाती है तो मामले की जांच की जाएगी, हालांकि, पुलिस अपने स्तर से कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल की कॉल डिटेल के अलावा अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।
रवि शंकर निम, डीसीपी ग्रेटर नोएडा, ”होटल की खिड़की से गिरकर हरगोविंद सिंह की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”