कलसा मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, हादसे के बाद आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे दोनों घायल
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुरुक्षेत्र : पिहोवा क्षेत्र में पटियाला रोड पर कलसा मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों भाई सड़क पर घायल अवस्था में करीब आधे घंटे तक पड़े रहे।
परिवार का आरोप है कि इस दौरान वहां से कई वाहन गुजरते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन नहीं रोका। बाद में सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। उसके भाई नवदीप का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अंकित और उसका भाई नवदीप बाइक पर खेतों की ओर जा रहे थे। परिवार के लोग घर पर थे। इसी दौरान परिजनों को फोन के माध्यम से दोनों भाइयों के साथ कलसा मोड़ के पास हादसा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां बाइक सड़क पर गिरी हुई थी और दोनों भाई गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे।
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद काफी समय तक दोनों घायल सड़क पर पड़े रहे। उनका आरोप है कि इस दौरान राहगीर वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी चालक ने रुककर उन्हें अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। बाद में भीड़ जुटने पर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
अंकित की मौत से परिवार में मातम
अंकित की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों के अनुसार अंकित दो भाइयों में छोटा था और स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। हादसे में उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं नवदीप की हालत गंभीर होने के कारण परिवार के लोग उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।