बागवानी फसलों की खेती के लिए किसानों को मिलेगा 1.40 लाख रुपये तक का अनुदान

हरियाणा सरकार बागवानी फसलों की खेती पर किसानों को भारी सब्सिडी दे रही है। फल, सब्जी, फूल और मसालों की खेती पर अनुदान के लिए ऐसे करें आवेदन।

चंडीगढ़ : सरकार ने प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से बागवानी फसलों की खेती के लिए’ अनुदान प्रावधान’ योजना लागू की है। उद्यान विभाग हरियाणा के एक प्रवक्ता ने बताया कि सरकार राज्य के किसानों को फल, सब्जी, फूल, मसाले और खुशबूदार पौधों की खेती करने पर भारी सब्सिडी प्रदान कर रही है। योजना तहत आवेदन और अनुदान की सीमा भी निर्धारित की गई है। फलों के नए बाग लगाने तथा मसालों की खेती पर अधिकतम 5 एकड़ तक का लाभ लिया जा सकता है। वहीं सब्जियों की खेती के लिए सामान्य वर्ग के किसान अधिकतम 5 एकड़ तथा अनुसूचित वर्ग के किसान 1 एकड़ तक का लाभ ले सकते हैं। फूलों एवं खुशबूदार पौधों की खेती पर भी यह सीमा 5 एकड़ तक तय की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि नए बाग लगाने पर किसानों को 24,500 रुपए से 1,40,000 रुपए प्रति एकड़ तक का अनुदान दिया जाएगा। सब्जियों की खेती के लिए सामान्य वर्ग को 15,000 रुपए प्रति एकड़ तथा अनुसूचित वर्ग को 25,500 रुपए प्रति एकड़ की दर से अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान मल्चिंग, लो टनल, ड्रिप या बांस की स्टेकिंग जैसे एकीकृत मॉडल अपनाने पर ही देय होगा।

मसालों की खेती पर 15,000 से 30,000 रुपए प्रति एकड़, फूलों की खेती पर 8,000 से 40,000 रुपए प्रति एकड़ और खुशबूदार पौधों की खेती पर 8,000 रुपए प्रति एकड़ अनुदान का प्रावधान किया गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अनुदान की पूरी राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए’ मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल और हॉर्टनैट पर पंजीकरण होना अनिवार्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.