स्कूटी लेकर घर से निकले 26 वर्षीय युवक का संदिग्ध हालात में मिला शव, परिजनों ने की जांच की मांग

पलवल में 29 सितंबर से लापता 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पलवल : पलवल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक 29 सितंबर की शाम अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने थाना कैंप पलवल में शिकायत देकर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपनी स्कूटी (HR-30-AA-2463) लेकर घर से निकला था। बताया गया कि वह करीब 10 से 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।

परिजनों के अनुसार हर्ष के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके चलते परिवार उसकी तलाश को लेकर चिंतित हो गया। इसके बाद आज सुबह परिवार को फोन के जरिए सूचना मिली कि हर्ष की स्कूटी एपेक्स अस्पताल के महज नजदीक मिली है और वहां एक व्यक्ति का शव भी पड़ा है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हर्ष के रूप में की। परिवार ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि फिलहाल परिवार को किसी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.