फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर ठगी करने वाला कपल गिरफ्तार, 3 दुकानों को बनाया निशाना
फरीदाबाद में ऑनलाइन ठगी का नया मामला सामने आया है। एक कपल मोबाइल पर फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदारों को चूना लगा रहा है।
फरीदाबाद : फरीदाबाद में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है। एक कपल दुकानदारों को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेकर फरार हो रहा है। मंगलवार को दोनों ने अलग-अलग इलाकों में 3 दुकानों को निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 25,400 रुपये का सामान खरीदा, लेकिन किसी भी दुकान के खाते में भुगतान की रकम नहीं पहुंची।
पहले कपड़े खरीदे, फिर स्कैनर लेकर बाहर बुलाया
सबसे पहले दोनों ओल्ड फरीदाबाद के ठाकुरवाड़ा स्थित गर्ग बैग एंड गारमेंट्स पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के कपड़े पसंद किए और करीब 4,400 रुपये का सामान लिया। भुगतान करने के लिए आरोपियों ने दुकान का स्कैनर मांगा और सेल्समैन को स्कैनर लेकर दुकान के बाहर आने के लिए कहा।
बाहर पहुंचने पर दोनों ने अपने मोबाइल पर 4,400 रुपये के भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया। स्क्रीन पर दुकान का नाम और रकम दिखाई दे रही थी, जिससे कर्मचारी को भुगतान होने का भरोसा हो गया। दोनों सामान लेकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद दुकानदार गोविंद गर्ग ने बैंक खाते में ट्रांजेक्शन चेक किया तो कोई रकम जमा नहीं हुई थी। दुकानदार बाहर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सेक्टर-37 और सेक्टर-23 में भी इसी तरीके से ठगी
दुकानदार ने आसपास के व्यापारियों से जानकारी ली तो पता चला कि इसी हुलिए का कपल सेक्टर-37 की एक कपड़ों की दुकान से करीब 15 हजार रुपये का सामान भी ले गया है। वहां भी आरोपियों ने भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया था।
इसके बाद दोनों ने सेक्टर-23 के एक शोरूम से करीब 6 हजार रुपये की खरीदारी की। यहां भी मोबाइल पर पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदार को भुगतान होने का भरोसा दिलाया और सामान लेकर निकल गए।
खाते में रकम आने तक पेमेंट को मान्य न मानें
तीनों घटनाओं में आरोपियों ने लगभग एक ही तरीका अपनाया। दोनों सामान्य ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचते हैं, सामान पसंद करते हैं और भुगतान के समय स्कैनर लेकर दुकान से बाहर आने के लिए कहते हैं। इसके बाद मोबाइल पर पहले से तैयार फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदार को भ्रमित करते हैं और सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
दुकानदार गोविंद गर्ग ने ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को शिकायत दी है। थाना प्रभारी विष्णु मित्र के अनुसार शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस और व्यापारियों की ओर से दुकानदारों को सलाह दी जा रही है कि मोबाइल पर पेमेंट का स्क्रीनशॉट देखकर भुगतान की पुष्टि न करें। बैंक खाते या पेमेंट ऐप में रकम वास्तव में क्रेडिट होने के बाद ही सामान सौंपें।