नई अनाज मंडी के रिकॉर्ड रूम में फंदे से लटका मिला ड्राइवर का शव, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
करनाल की नई अनाज मंडी के रिकॉर्ड रूम में ड्राइवर रोहताश शर्मा का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने मंडी सचिव पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
करनाल: नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी एवं मार्केटिंग बोर्ड कार्यालय के बेसमेंट के रिकॉर्ड रूम में बुधवार को मंडी सचिव के 50 वर्षीय ड्राइवर रोहताश शर्मा का शव फंदे पर लटका मिला। रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। परिजनों ने मंडी सचिव विकास सेतिया पर रोहताश को परेशान करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, मंडी सचिव ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
रोहताश मूल रूप से चौचड़ा गांव का रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में – परिवार के साथ रह रहे थे। पत्नी मीना का कहना है कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे वह घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। मंगलवार दोपहर परिजन उसकी जानकारी लेने मंडी कार्यालय भी पहुंचे लेकिन उसका पता नहीं चला।
पत्नी मीना के मुताबिक बुधवार को भी रोहताश का फोन नहीं उठने पर उसकी मोबाइल लोकेशन निकलवाई गई, जो मंडी कार्यालय की मिली। इसके बाद परिवार के लोग अन्य लोगों के साथ मंडी पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि फुटेज में रोहताश बेसमेंट की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद रिकॉर्ड रूम खुलवाया गया तो अंदर उसका शव फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोहताश की पत्नी मीना ने आरोप लगाया कि उनके पति कई बार घर पर मंडी सचिव द्वारा परेशान किए जाने की बात कहते थे। उनके अनुसार तीन-चार दिन पहले भी ड्यूटी को लेकर सचिव से रोहताश की कहासुनी हुई थी।