गाजियाबाद में विश्व मानक दिवस पर राइडर सेफ्टी बाइक रैली और ‘हेलमेट बैंक’ का शुभारंभ
गाजियाबाद के SRM यूनिवर्सिटी में BIS द्वारा 'मानक कार्निवल 2026' और 'हेलमेट बैंक' का शुभारंभ किया गया। 350 से अधिक बाइक राइडर्स ने सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
विश्व मानक दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), गाजियाबाद शाखा कार्यालय द्वारा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तत्वावधान में SRM इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मोदीनगर में ‘BIS मानक कार्निवल 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राइडर सेफ्टी बाइक रैली और छात्रों के लिए ‘हेलमेट बैंक’ का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मुख्य सतर्कता अधिकारी श्वेता मिश्रा (IRS) और बीआईएस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की।
🪖 350 से अधिक राइडर्स ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, ‘हेलमेट बैंक’ से सुरक्षित होंगे छात्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राइडर सेफ्टी बाइक रैली रही, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), उत्तर प्रदेश पुलिस और सेना के जवानों समेत 350 से अधिक राइडर्स ने भाग लिया। ‘हेलमेट मैन ऑफ इंडिया’ राघवेंद्र कुमार ने भी इसमें हिस्सा लिया। रैली एसआरएम परिसर से दुहाई आरआरटीएस स्टेशन तक गई। इसके साथ ही छात्रों के लिए ‘हेलमेट बैंक’ की अनूठी शुरुआत की गई, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में विद्यार्थी आईएसआई (ISI) मार्क वाला हेलमेट प्राप्त कर सुरक्षित यात्रा कर सकें।
🤝 40 से अधिक स्टॉलों पर मानकों का प्रदर्शन, BIS और SRM यूनिवर्सिटी के बीच हुआ ऐतिहासिक MoU
कार्निवल में उद्योगों, परीक्षण प्रयोगशालाओं और शिक्षण संस्थानों के 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनके जरिए हॉलमार्किंग, गुणवत्ता नियंत्रण और बीआईएस प्रमाणन के प्रति जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम के दौरान बीआईएस गाजियाबाद और एसआरएम यूनिवर्सिटी के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किए गए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय मानकों, गुणवत्ता आश्वासन और उपभोक्ता अधिकारों से जोड़ना है ताकि “मानक हैं, तो सही है” का संदेश समाज में व्यापक रूप से प्रसारित किया जा सके।