Noida Health News: फफूंद और पानी टपकने के बाद अब चाइल्ड पीजीआई की इमरजेंसी से सामने आया लापरवाही का वीडियो
नोएडा के चाइल्ड पीजीआई की इमरजेंसी में डॉक्टर-स्टाफ की कथित लापरवाही का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक पिता खुद सिरिंज में दवा भरता नजर आ रहा है।
नोएडा के सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई (Child PGI) की इमरजेंसी से डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक लाचार पिता अपनी बीमार संतान के लिए खुद सिरिंज में दवा भरता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
💧 पहले भी पानी टपकने और सीलिंग गिरने को लेकर सुर्खियों में रहा है अस्पताल, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मिली जानकारी के अनुसार, छपरौला गांव का रहने वाला एक युवक अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए चाइल्ड पीजीआई की इमरजेंसी पहुंचा था, जहां की व्यवस्थाएं देखकर वह दंग रह गया। वायरल वीडियो में हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दवा की सही खुराक क्या थी या उस वक्त इमरजेंसी में डॉक्टर व स्टाफ कहां थे, लेकिन इससे पहले भी कभी फॉल सीलिंग से पानी टपकने तो कभी छत गिरने जैसे वीडियो इस अस्पताल से सामने आते रहे हैं। इस ताजा मामले पर चाइल्ड पीजीआई की कार्यवाहक निदेशक डॉ. जोशना मदान ने संज्ञान लेते हुए वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।