बिजली कर्मचारियों के विरोध के बीच HERC अध्यक्ष मुकेश गर्ग का बड़ा बयान, उपभोक्ताओं को मिलेगा विकल्प

गुरुग्राम और नूंह में पैरेलल बिजली वितरण लाइसेंस पर हरियाणा में विरोध। HERC अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने यमुनानगर में दी सफाई, 22-24 अक्टूबर हड़ताल की चेतावनी।

यमुनानगर। हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह जिलों में ‘इलेवन पावर कंपनी’ को पैरेलल बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने के बाद पूरे प्रदेश में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियर संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज भी इस फैसले के विरोध में सामने आए हैं। इस गरमाए मुद्दे के बीच हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (HERC) के अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने यमुनानगर में मीडिया से बात करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN व DHBVN), कर्मचारी संगठनों और आम जनता से आपत्तियां मांगने तथा विशेषज्ञों की कमेटी द्वारा जांच के बाद ही कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यह निर्णय लिया गया है।

📢 उपभोक्ताओं को मिलेगा अपनी पसंद की बिजली कंपनी चुनने का विकल्प: 22 से 24 अक्टूबर तक पूरे राज्य में हड़ताल की चेतावनी

आयोग के अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक पैरेलल लाइसेंस है, जिसका अर्थ यह है कि पहले से कार्यरत सरकारी बिजली कंपनियां अपना काम जारी रखेंगी। अब उपभोक्ताओं के पास अपनी पसंद की कंपनी की सेवाएं लेने का विकल्प रहेगा, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और आम जनता को लाभ होगा। वहीं दूसरी ओर, इस फैसले से असंतुष्ट विभिन्न बिजली कर्मचारी और इंजीनियर संगठनों ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। कर्मचारी संगठनों ने आगामी 22, 23 और 24 अक्टूबर को तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी देते हुए प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.