राष्ट्रपति के गोद लिए गांव में टीचर की पत्नी की हत्या का खुलासा, जमीन के विवाद में चचेरे देवर ने रची थी साजिश

गुड़गांव के राष्ट्रपति दत्तक गांव दोहला में टीचर की पत्नी की हत्या का पर्दाफाश। जमीन विवाद में चचेरे देवर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार।

गुड़गांव। राष्ट्रपति द्वारा गोद लिए गए हरियाणा के दोहला गांव में एक टीचर की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही चचेरे देवर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। हत्या की मुख्य वजह जमीन का पुराना विवाद सामने आया है, जहां आरोपी अपनी पुश्तैनी जमीन बेचना चाहता था, लेकिन मृतका नीतू इसके सख्त खिलाफ थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों ने सोहना-गुड़गांव रोड पर जाम भी लगा दिया था, जिसके बाद पुलिस पर दबाव को देखते हुए अपराध शाखा की कई टीमों को मैदान में उतारा गया।

🔗 आर्मी से कोर्टमार्शल हुआ था मुख्य आरोपी देवर संदीप: रुड़की से दो अन्य साथी गिरफ्तार, चार दिन के पुलिस रिमांड पर

एसीपी क्राइम-1 नवीन शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्य आरोपी संदीप पहले सेना में था, लेकिन कोर्टमार्शल होने के बाद वह घर आ गया था। वह पारिवारिक जमीन बेचना चाहता था, जिसमें भाभी नीतू बाधा बन रही थी। साजिश के तहत संदीप अपने साथी अनुज (जो फौज में लांगरी रह चुका है और वर्तमान में जोमैटो डिलीवरी बॉय है) और अविनाश के साथ बाइक पर मृतका के घर पहुंचा। पहले सुबह 9 बजे मौका न मिलने पर वे लौट आए, और फिर करीब 10 बजे दोबारा घर में घुसकर गला दबाकर नीतू की हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात के दौरान महिला के हाथ-पैरों पर टेप बांधकर घर में रखे जेवर और नकदी भी लूट लिए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि रुड़की से गिरफ्तार किए गए अनुज और अविनाश से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.