विंध्याचल से लौटते वक्त ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे 5 दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा। विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे 5 दोस्तों की ओवरब्रिज पर सेल्फी लेते वक्त ट्रक की टक्कर से मौत।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी-प्रयागराज हाईवे (NH-19) पर रूपापुर के पास एक भीषण सड़क हादसे में पांच दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त निखिल के जन्मदिन के मौके पर विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करके वापस वाराणसी लौट रहे थे। रास्ते में ओवरब्रिज पर उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर तस्वीरें लेने व सेल्फी खींचने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार और सेब लदे ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी और वहां खड़े युवकों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गया।
⚡ सेल्फी का शौक बना जानलेवा: परिवार में छाया मातम, एक युवक की कुछ दिनों बाद होने वाली थी नई नौकरी
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी करीब 30-40 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दुर्घटना में आनंद यादव, आलोक मिश्रा, प्रदीप सिंह, विद्वांशु यादव और किशन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सावन यादव, राजकुमार यादव और निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। मृतकों में आलोक मिश्रा की कुछ ही दिनों बाद कंपनी में नई नौकरी ज्वाइन करने की तैयारी थी, जिससे पूरे परिवार और इलाके में गहरा शोक और मातम पसरा हुआ है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।