श्री सनातनी युवा फाउंडेशन के दशहरा महोत्सव में पहुंचे सीएम सैनी, कहा- अपने भीतर की बुराइयों का करें अंत

रोहतक के दशहरा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। ड्रोन शो और रावण दहन के साथ दिया गया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश।

रोहतक। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार देर शाम रोहतक में आयोजित भव्य दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। नई अनाज मंडी के सामने पुराने शुगर मिल मैदान में श्री सनातनी युवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महोत्सव में अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां करीब 15 मिनट तक ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंग और सुंदर आकृतियां उकेरी गईं। इसके बाद पारंपरिक रूप से रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकार और मथुरा का प्रसिद्ध केशव बैंड भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

🌟 ‘रावण के आज कई चेहरे, भीतर की बुराइयों को खत्म करना जरूरी’: सीएम नायब सैनी ने दिया धर्म और कर्तव्य का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि विजयादशमी का पावन पर्व हमें अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में रावण के केवल दस नहीं बल्कि कई रूप हैं, जिनमें झूठ, द्वेष, भेदभाव, नशा, भ्रष्टाचार और बेटियों के प्रति असमानता शामिल हैं। केवल बाहर के पुतलों को जलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमें अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करना होगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.