जींद की अकादमी में छात्र को इतनी बेरहमी से पीटा कि फटा कान का पर्दा, संचालक और प्रिंसिपल पर केस दर्ज

जींद की DSL अकादमी में छात्र की बेरहमी से पिटाई, कान का पर्दा फटने पर आरोपी संचालक दीपक लाठर और प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज।

जींद। शहर की एक कोचिंग अकादमी में पढ़ने वाले छात्र के साथ हद दर्जे की क्रूरता का मामला सामने आया है, जहां अकादमी के मालिक और एक टीचर ने छात्र की इतनी बुरी तरह पिटाई कर दी कि उसके कान का पर्दा फट गया। मूल रूप से गुरुग्राम की रहने वाली और वर्तमान में पीड़ित बच्चे की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका बेटा पिछले चार साल से रोहतक रोड स्थित डी.एस.एल. अकादमी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। महिला के अनुसार, बीते 6 अक्टूबर को आरोपी दीपक राठौड़ (लाठर) ने एक छोटी सी बात पर उसके बेटे को 12 थप्पड़ और 15 बार कोहनी से मारा, जिससे उसकी सुनने की क्षमता पर गंभीर असर पड़ा और कान का पर्दा फट गया।

🏥 दर्द से कराहते बच्चे पर प्रिंसिपल ने भी नहीं दिखाई दया, मार्कशीट मांगने पर मांगे डेढ़ लाख रुपये

जब पीड़ित छात्र दर्द से तड़पते हुए प्रिंसिपल मैडम के पास शिकायत लेकर पहुंचा और कान में तेज दर्द की बात कही, तो संवेदनहीनता की हद पार करते हुए प्रिंसिपल ने उसे दो थप्पड़ और जड़ दिए तथा दर्द निवारक गोली थमाकर क्लास में वापस बैठने की धमकी दी। घटना के तीसरे दिन जब एक अन्य शिक्षक उसे डॉक्टर के पास ले गए, तब डॉक्टर ने बताया कि कान का पर्दा फट चुका है और तुरंत ऑपरेशन करना होगा। इसके बाद जब परिजनों ने अपने बच्चे की 10वीं की मार्कशीट मांगी, तो अकादमी प्रबंधन ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और डेढ़ लाख रुपये की अवैध मांग की। पीड़ित मां की शिकायत पर जींद शहर थाना पुलिस ने अकादमी संचालक दीपक लाठर और प्रिंसिपल के खिलाफ प्रासंगिकता धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.