प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भारी हंगामा, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद
प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में सीनियर कंसलटेंट डॉ. विभू रंजन मिश्रा के साथ मारपीट के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल कर इमरजेंसी सेवाएं ठप कर दी हैं।
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में सोमवार को वकीलों और डॉक्टरों के बीच जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि मेडिसिन विभाग के सीनियर कंसलटेंट डॉ. विभू रंजन मिश्रा के साथ वकीलों ने मारपीट की, जिसके विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी और कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। हालात यह हो गए कि अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं भी बंद करनी पड़ीं, जिससे वहां भर्ती गंभीर श्रेणी के मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
🔍 सड़क जाम के दौरान हुआ विवाद: डॉक्टर को गाड़ी से खींचकर पीटने का आरोप, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
मिली जानकारी के मुताबिक, एक वकील के साथ मारपीट के विरोध में वकीलों का समूह सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान डॉ. विभू रंजन मिश्रा की गाड़ी वहां फंस गई और बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि डॉक्टर के साथ मारपीट की गई। घटना से आक्रोशित डॉक्टरों ने आनन-फानन में अस्पताल में इलाज बंद कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती डॉ. विभू रंजन मिश्र ने बताया कि वे केवल यह जानने गए थे कि जाम क्यों लगा है, लेकिन भीड़ ने उन्हें घेरकर गाड़ी से खींच लिया और मारपीट की। फिलहाल मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने और डॉक्टरों को मनाने में जुटे हैं।