रामदेव बोले- ओवैसी के मैदान में उतरने से वोट कटेंगे और सीएम योगी आदित्यनाथ को होगा फायदा
संभल में बाबा रामदेव ने असदुद्दीन ओवैसी को यूपी के लिए 'उत्तम' बताते हुए दावा किया कि ओवैसी के चुनाव लड़ने से वोट कटेंगे और सीएम योगी को फायदा होगा।
उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर लगातार किए जा रहे हमलों के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने एक बड़ी और दिलचस्प टिप्पणी की है। संभल जिले के बबराला में आयोजित प्रांतीय आर्य महासम्मेलन में पहुंचे बाबा रामदेव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ओवैसी बाकी जगहों के लिए भले ही अच्छे हों या न हों, लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए वे “उत्तम” हैं। रामदेव ने दावा किया कि ओवैसी के चुनावी मैदान में उतरने से विपक्षी वोटों का ध्रुवीकरण और बंटवारा होगा, जिससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे तौर पर चुनावी फायदा पहुंचेगा।
📢 “अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, नेता बनेगा”: ओवैसी के बयान पर छिड़ी बहस, जानिए यूपी में क्या है AIMIM की ताकत
उल्लेखनीय है कि AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी लगातार मुस्लिम युवाओं से किसी परिवार के पीछे चलने के बजाय खुद नेतृत्व संभालने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में रामपुर की रैली में कहा था कि “अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता, विधायक और सांसद बनेगा।” ओवैसी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि देश में अच्छी आत्माओं का राज रहना ही धर्मयुद्ध है। अगर यूपी की राजनीतिक स्थिति की बात करें तो 2022 के विधानसभा चुनावों में AIMIM को महज 0.40 प्रतिशत वोट मिले थे और 2017 में उसके अधिकतर प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी। इसके बावजूद विपक्षी दल लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि ओवैसी की पार्टी भाजपा विरोधी वोटों में सेंध लगाती है।