हरियाणा: गीता भुक्कल का सरकार पर बड़ा हमला; बोलीं- ‘सूरजकुंड मेला ही नहीं, पूरी सरकार ही चल रही है भगवान भरोसे’

झज्जर में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे को सरकारी लापरवाही बताया। पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा के 'भगवान भरोसे' वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था और बजट के मुद्दे पर नायब सैनी सरकार को जमकर घेरा।

झज्जर:  झज्जर में अपने निवास पर प्रेस से रूबरू होते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल के तेवर आज बेहद तल्ख नजर आए। सूरजकुंड मेले में हुए हादसे पर गहरा दुख जताते हुए भुक्कल ने इसे सीधे तौर पर सरकारी लापरवाही करार दिया। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी बड़े अधिकारी या ठेकेदार दोषी हों, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

अरविंद शर्मा के बयान पर पलटवार
हाल ही में पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा के ‘भगवान भरोसे’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए गीता भुक्कल ने तंज कसा कि सिर्फ सूरजकुंड ही नहीं, बल्कि पूरी हरियाणा सरकार ही आज भगवान भरोसे चल रही है। उन्होंने कहा कि अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने के लिए भगवान के नाम का सहारा लेना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल ?  
भुक्कल यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज प्रदेश ‘अनसेफ’ की श्रेणी में आ चुका है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री संसद जैसे सुरक्षित स्थान पर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते, तो प्रदेश के आम आदमी की सुरक्षा की क्या गारंटी है? भुक्कल के मुताबिक, सरकार बुनियादी मुद्दों को छोड़कर सिर्फ ‘इवेंट मैनेजमेंट’ में जुटी हुई है।

दूसरी ओर बजट के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी को घेरते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं वित्त मंत्री हैं, लेकिन वे केंद्र से हरियाणा का हक लाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने भाजपा के ही नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.