वृंदावन में धीरेंद्र शास्त्री ने फिर दोहराया बयान: बोले- त्रिभंगी स्वरूप में हैं बांके बिहारी, सीजनल भक्तों से बचने की अपील

वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बांके बिहारी के त्रिभंगी स्वरूप पर बयान दोहराया और सीजनल भक्तों से बचने की अपील की।

अपनी कथा में प्रभु श्रीराम और कृष्ण की तुलना कर विवादों में आए बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयान के लिए कई बार माफी मांग चुके हैं। बावजूद इसके शनिवार को वृंदावन पहुंचने पर उन्होंने फिर अपने अंदाज में भगवान को ‘टेढ़ा’ बताया। हालांकि उन्होंने एक जगह पर सीजनल भक्तों से बचने की अपील करते हुए कहा कि इसके लिए वह ब्रजवासियों के सामने नाक रगड़कर दंडवत करते हैं।

अपने पुराने बयान के संदर्भ में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि ‘मैं फिर दोहरा रहा हूं कि हमारे ठाकुर जी टेढ़े हैं और त्रिभंगी स्वरूप में हैं।’ बता दें कि इससे पहले अपनी कथा में धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और कृष्ण की तुलना की थी। जिस पर काफी विवाद हुआ था। उन्होंने कहा था कि ‘तुम्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर झांकते नजर आते हैं, खड़े भी होते हैं तो पांव पर पांव रखकर टेढ़े होते हैं। तीन जगह से टेढ़े हैं और टेढ़ी गर्दन कर वंशी बजाते हैं।’

उनके इस बयान पर काफी बवाल मचा था। बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें उत्तर प्रदेश में कथा नहीं करने देने और उत्तर प्रदेश में घुसने से रोकने तक की बात कही थी। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल में काफी राजनीति भी गरमाई।

🌿 सीजनल भक्तों से बचने की अपील

वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ब्रजवासियों को सीजनल भक्तों से बचकर रहने की अपील की। कहा कि इसके लिए वह ब्रजवासियों के चरणों में नाक रगड़ कर प्रणाम करते हैं। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि हम अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर की नगरी में आ गए हैं। बांके बिहारी की नगरी में आ गए हैं। बिना नाम लिए उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग सनातनी नहीं, लेकिन तनातनी बने हुए हैं। ऐसे लोगों से बच कर रहने की जरूरत है।

🛕 वृंदावन पहुंचते ही दोहराया बयान

कथा में विवाद के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने माफी मांग ली थी। साथ में यह भी कहा था कि वह माफी इसलिए मांग रहे कि उनके बयान से हिंदू बंट ना जाएं। इसके बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बांके बिहारी के दर्शन के बाद फिर अपना बयान दोहराया है। उन्होंने ठाकुर जी के त्रिभंगी स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि “मैं फिर भी कहूंगा, हमारे बांके बिहारी टेढ़े हैं, त्रिभंगी रूप में विराजमान हैं।”

🛡️ फिर दी बयान पर सफाई

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि हमारी भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन हमारे भाव में कोई त्रुटि नहीं है। हिंदुत्व और सनातन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू नहीं बचेगा तो हिंदुस्तान कैसे बचेगा? हिंदू और सनातनी एकजुट नहीं होंगे तो हमारे मंदिर और देवालय कैसे बचेंगे? उन्होंने कहा कि जो लोग इसके विरुद्ध काम करते हैं, उन्हें स्वाभाविक रूप से हमें ट्रोल करने का कोई न कोई बहाना चाहिए।

🕉️ संतों ने भी जताई थी नाराजगी

धीरेंद्र शास्त्री के पिछले बयान पर मथुरा-वृंदावन के संतों ने भी नाराजगी प्रकट की थी। जब यह विवाद तूल पकड़ने लगा तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है। उनकी टिप्पणी का भाव विनोद और प्रेम का था। किसी ने गलत तरीके से क्लिप काट कर उन्हें विवाद में लाने की कोशिश की थी।

🔥 फिर चर्चा में आया पुराना विवाद

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की अब नई टिप्पणी के बाद एक बार फिर उनका पुराना बयान चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि इस टिप्पणी को लेकर संत समाज एवं उनके विरोधियों की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। उनका बयान इसलिए भी सुर्खियों में आ गया है कि उन्होंने नाम तो किसी का नहीं लिया, लेकिन राघव और माधव को एक बताकर विरोधियों को मथुरा-वृंदावन आने की चुनौती दे दी। कहा कि आओ यहीं पर औरंगजेब द्वारा लगाया कलंक मिटाने का उपाय निकालेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.