प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून के अंदर युवक की गोली मारकर हत्या: बाइक सवार 3 बदमाशों ने की फायरिंग
प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून के अंदर युवक अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या; पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
प्रयागराज जिले में बदमाशों ने गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। जार्ज टाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर इलाके में सैलून के अंदर सेविंग करा रहे 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से आए तीन अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
💈 सैलून में सेविंग करा रहा था युवक
घटना अल्लापुर में बैंक के पास स्थित शेरू नाई के सैलून की है। मृतक की पहचान अरविंद पासी (32) के रूप में हुई। बताया जा रहा कि अरविंद सैलून में बैठकर सेविंग करा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से सैलून में अफरा-तफरी मच गई। गोलियां लगने से अरविंद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
💍 मौसी के घर शादी में शामिल होने आया था
बताया जा रहा कि अरविंद अपनी मौसी के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज आया था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी और नौ साल का एक बेटा भी है। अरविंद की अचानक हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
⚖️ साजन मेहर हत्याकांड से जुड़ रहे तार
इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही। बताया जा रहा कि 26 सितंबर 2025 को अल्लापुर में साजन मेहर की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अरविंद पासी गवाह था और मुकदमे की पैरवी भी कर रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले की रंजिश में अरविंद को निशाना बनाया गया हो।
📹 CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर तीनों हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।