थाने में तैनात जांच अधिकारी एएसआई अनुराग को एसवी एंड एसीबी की टीम ने थाने में ही रिश्वत लेते दबोचा
शिकायतकर्ता के बेटे को मारपीट से बचाने और अदालत में पेशी के दौरान सहयोग करने की एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार
जगत क्रान्ति न्यूज
Action Against Bribe : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने करनाल जिले के थाना तरावड़ी में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनुराग को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना तरावड़ी में एक आपराधिक मामले के अनुसंधान अधिकारी के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के बेटे को मारपीट से बचाने और अदालत में पेशी के दौरान सहयोग करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 33, दिनांक 28 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, करनाल में मामला दर्ज किया गया है।
बेटे को मारपीट से बचाने के नाम पर मांगी थी 50 हजार रुपये की रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जो पेशे से पाठी हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बेटे खुशप्रीत सिंह के खिलाफ थाना तरावड़ी में एफआईआर नंबर 366, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 190, 191(3), 232, 333 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था।शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को स्वयं थाना तरावड़ी में पुलिस के समक्ष पेश किया था। इस मामले की जांच एएसआई अनुराग द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि 26 नवंबर 2026 को जब एएसआई अनुराग शिकायतकर्ता के बेटे खुशप्रीत सिंह को अदालत में पेश करने के लिए लेकर गया, उस समय शिकायतकर्ता भी न्यायालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से उनके बेटे को बिना किसी परेशानी के अदालत में पेश करने तथा उसके साथ शारीरिक मारपीट न करने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थता जताई।
50 हजार से घटाकर 40 हजार रुपये की रिश्वत पर हुआ था सौदा
शिकायतकर्ता के अनुसार, अगले दिन 27 नवंबर को जब वह थाना तरावड़ी में एएसआई अनुराग से दोबारा मिले, तो आरोपी ने फिर से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग दोहराई। शिकायतकर्ता द्वारा राशि कम करने का अनुरोध किए जाने पर आरोपी ने 40 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी, जिसके आधार पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
थाना परिसर में ही 40 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी उपकेंद्र पानीपत की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई अनुराग को थाना तरावड़ी परिसर में शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह की मौजूदगी में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।इस कार्रवाई का नेतृत्व एसवी एंड एसीबी उपकेंद्र पानीपत के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने किया। आरोपी एएसआई अनुराग के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
#ACBAction #BriberyCase #ASIArrested #CorruptionFreeIndia #HaryanaNews #KarnalNews #TaravadiPoliceStation #Bribe #ACBHaryana #TransparencyMatters #JusticeServed #PoliceAccountability #FightAgainstCorruption