जेब पर पड़ेगी मार, हरियाणा में बिजली का बिल बढ़ने के संकेत
DHBVN 1272 करोड़ के घाटे में, HERC को सौंपा 3 साल का हिसाब, अब फैसले पर टिकी नजर
जगत क्रान्ति न्यूज
Tarrif may be Hike : हरियाणा में बिजली महंगी होने वाली है क्या? DHBVN के ताजा आंकड़े तो यही इशारा कर रहे हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को पिछले वित्त वर्ष में ही 1272 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कंपनी की कमाई से खर्च ज्यादा हो गया है, और सबसे बड़ा कारण है बिजली खरीद की बढ़ती लागत। अब निगम ने 3 साल का पूरा वित्तीय हिसाब हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के सामने रख दिया है। इससे साफ है कि घाटे की भरपाई के लिए टैरिफ बढ़ाने की जमीन तैयार हो रही है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने HERC में अपनी याचिका दाखिल की है। इसमें 2025-26 का वास्तविक हिसाब (True-Up), 2026-27 की समीक्षा (APR) और 2027-28 की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) और टैरिफ निर्धारण का प्रस्ताव शामिल है।
आमजन और संबंधित पक्षों से इस पर आपत्तियां और सुझाव भी मांगे गए हैं।
पहले घाटा, फिर थोड़ी राहत
निगम के आंकड़ों के अनुसार 2025-26 में कुल खर्च 27,849.94 करोड़ और राजस्व 26,577.52 करोड़ रुपए रहने की संभावना है।इस दौरान घाटा 1,272.41 करोड़ रुपए रहेगा।
2026-27 में कुल खर्च 30,552.81 करोड़ और राजस्व 30,023.09 करोड़ रुपए रहने की संभावना है। इसका मतलब है घाटा 529.72 करोड़ रुपए रहेगा।
इन आंकड़ों के अनुसार 2027-28 में कुल खर्च 32,257.79 करोड़ और राजस्व 32,314.37 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है। इस साल बिजली निगम घाटे से उभरकर 56.58 करोड़ रुपए लाभ में रहेगा। यानी अगले दो साल तक घाटा जारी रहेगा, तीसरे साल जाकर मामूली मुनाफे का अनुमान है।
क्यों बढ़ रहा है खर्च?
सबसे बड़ा बोझ बिजली खरीद का है।
2025-26 में 24,202.66 करोड़, 2026-27 में 26,497.83 करोड़ और 2027-28 28,105.17 करोड़ रुपए बिजली की खरीद पर खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा अंतरराज्यीय और राज्य के भीतर बिजली पहुंचाने का पारेषण शुल्क, अन्य खर्च और इक्विटी पर वापसी (ROE) भी इसमें जुड़ी है।
अन्य खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। 2025-26 में 3,379.33 करोड़ से बढ़कर 2027-28 में 3,845.72 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
ROE भी हर साल बढ़ाया गया है। 2025-26 में 267.95 करोड़, 2026-27 में 281.08 करोड़ और 2027-28 में 306.90 करोड़ का अनुमान है।
आम आदमी पर क्या असर पड़ेगा?
निगम के इस वित्तीय खाके का सीधा मतलब है कि बिजली खरीद महंगी हो रही है और खर्च राजस्व से ज्यादा है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में घाटे की भरपाई के लिए टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव आता है। हालांकि दरें बढ़ेंगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला HERC आपत्तियों और सुनवाई के बाद करेगा।
फिलहाल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपभोक्ताओं के लिए ये खबर राहत वाली नहीं है – कंपनी घाटे में है और बिजली खरीद हर साल महंगी होती जा रही है।
#DHBVN #Haryana #BijliBill #HERC #HaryanaNews #Electricity #Hisar #SouthHaryana #BreakingNews #Bijli #HERC #ElectricityBill