कैथल: विधायक देवेंद्र हंस पर FIR से भड़के गोकुल सेतिया, कहा- ‘अनिल विज ने SP से जो किया, उस पर एक्शन क्यों नहीं?’
कैथल में एसडीएम को झुनझुना थमाने पर विधायक देवेंद्र हंस पर केस दर्ज होने के बाद सिरसा विधायक गोकुल सेतिया मैदान में उतरे। सेतिया ने अनिल विज का जिक्र कर सरकार को घेरा और विधानसभा स्पीकर से हस्तक्षेप की मांग की।
कैथल : गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस पर एफआईआर दर्ज होने का मामला गरमार्ता जा रहा है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने वीडियो जारी कर देवेंद्र हंस का समर्थन किया। साथ ही गोकुल सेतिया ने सवाल उठाया कि विज ने कैथल की महिला एसपी के साथ कैसा व्यवहार किया था, उस पर तो कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बता दें कि कैथल एसडीएम को झुनझुना थमाने के मामले में गुहला विधायक पर केस दर्ज हुआ है। अब सेतिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। उन्होंने इस मामले में विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण से हस्तक्षेप करने की मांग की। वीडियो में विधायक बोले-गुहला चीका से विधायक देवेंद्र हंस एसडीएम से मिलने गए थे और उनके काम नहीं हो रहे। जब काम नहीं हो रहे तो जवाबदेही चुने हुए प्रतिनिधि होती है, अफसर की नहीं होती। सेतिया ने कहा-हम हरियाणा के रहने वाले हैं, मजाक भी कर लेते हैं। इसी लहजे से झुनझुना दे दिया, काम नहीं है तो इसे बजा लो। क्या इसमें अपमान कर दिया? क्या कोई गाली-गलौज की?
वहीं विधायक सेतिया ने कहा कि विधानसभा स्पीकर जी आपसे यहीं उम्मीद करते हैं कि आप हाउस की सबसे बड़ी सीट पर बैठे हैं। एक विधायक की गरिमा होती है। अगर कोई अफसर नहीं सुनता तो उस पर एक्शन लेना चाहिए।