Patna Crime News: पटना में दिनदहाड़े खूनी खेल, महिला PDS डीलर की घर में घुसकर हत्या; इलाके में तनाव
पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में पीडीएस डीलर महिला की दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है. CCTV के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
बिहार की राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. जिले में आए दिन लूट, हत्या, चोरी और डकैती जैसी वारदातें देखने को मिल रही हैं. ऐसा ही एक मामला राजधानी के आलमगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक पीडीएस डीलर महिला की हत्या कर दी गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनसुर, आलमगंज थाना क्षेत्र के दादर मंडी में अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. महिला का नाम सुलेखा गुप्ता और उसकी उम्र 45 वर्ष के करीब बताई जा रही है. महिला पीडीएस डीलर थी. मृतका के पति पन्टू गुप्ता पटना सिटी व्यवहार न्यायालय में मुंशी के पद पर हैं.
CCTV खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि अपराधियों के द्वारा निर्मम तरीके से हमला किए जाने के बाद सुलेखा गुप्ता बुरी तरीके से घायल हो गई थी. गंभीर हालत में इलाज के लिए उनको नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों और परिजनों की शिकायत पर पुलिस तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई. आरोपियों की पहचान और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सुलेखा की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में वारदात से सनसनी फैल गई है. फिलहाल, हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के शरीर पर 5 जगह चाकू के निशान मिले हैं. आरोपियों ने गर्दन, दोनों हाथ और गले में चाकू से वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई.