HPV Vaccination Bhiwani: भिवानी में एचपीवी टीकाकरण अभियान का आगाज; कैंसर से बचाव के लिए 14 साल की बेटियों को लगेगा फ्री टीका

भिवानी के नागरिक अस्पताल में सांसद धर्मबीर सिंह ने राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्षीय छात्राओं को मुफ्त टीके लगाए जा रहे हैं। जानें भिवानी जिले का लक्ष्य और इस वैक्सीन के बड़े फायदे।

भिवानी। आमजन की स्वास्थ्य रक्षा सरकार का उद्देश्य है। इसी लक्ष्य के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को राजस्थान के अजमेर से शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की कड़ी में भिवानी के चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन 20 छात्राओं का टीकाकरण किया गया।

अभियान के तहत वीर शहीद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीरन तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी की 14 वर्ष की छात्राओं का अस्पताल स्टाफ द्वारा वैक्सीनेशन किया गया। इस मौके पर नगराधीश अनिल कुमार और सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य भी मौजूद रहे।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि देश की सभी 14 वर्षीय लड़कियों को एचपीवी वैक्सीनेशन देकर कैंसर से बचाव करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि विश्व के अनेक देशों में महिलाओं को कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन दी जाती है जबकि हमारे देश में पहली बार इस वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत हर साल सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 1.15 करोड़ 14 वर्षीय लड़कियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इसे नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम बताया। टीकाकरण सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध रहेगा।

सांसद ने कहा कि प्रतिदिन संतुलित खान-पान और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखकर विभिन्न बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने शुद्ध और पौष्टिक आहार, मोटे अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां और मौसम के अनुसार फल खाने की सलाह दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण को रोकती है जो कैंसर का प्रमुख कारण है। यह टीका मुख्य रूप से गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल), मुंह, गले तथा जननांगों के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन एचपीवी वायरस से होने वाले लगभग 90 प्रतिशत से अधिक कैंसर को रोकने में सक्षम है। 14 वर्ष की आयु में यह टीका सबसे प्रभावी होता है और इसे दो खुराक में दिया जाता है। जिले में लगभग 12 हजार किशोरियों को एचपीवी वैक्सीनेशन दिया जाएगा। टीकाकरण नागरिक अस्पताल सहित जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपमंडल अस्पतालों में किया जाएगा।

नगराधीश अनिल कुमार ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 14 वर्ष की लड़कियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अभियान चलाकर सभी पात्र लाभार्थियों तक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आशीष ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आगामी तीन माह तक चलेगा। इसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बना दिया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. मनीष श्योराण, डॉ. दीपक, डॉ. साहिल, डॉ. वनिता और डॉ. दीपांशु भी उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.