Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी; पोल्ट्री फार्म व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, मोबाइल पर मिल रही थी धमकी

बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म व्यवसायी रणधीर कुमार की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी के अनुसार उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस सुपारी किलिंग और आपसी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधी बेखौफ हो गए हैं. रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोयली भराव गांव में बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म व्यवसायी रणधीर कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि इस हत्या को सुपारी शूटरों के जरिए अंजाम दिया गया है.

रणधीर कुमार को तीन गोलियां मारी गईं. दो गोलियां उनके बाएं हाथ में लगीं, जबकि एक गोली दाहिने सीने में जा धंसी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोल्ट्री फार्म का व्यवसाय करते थे

बताया जा रहा है कि रणधीर कुमार पोल्ट्री फार्म का व्यवसाय करते थे. इसके साथ ही वह भराव चौक पर पान की दुकान भी चलाते थे. इलाके में वह जरूरतमंद लोगों को कर्ज पर पैसे देने का काम भी करते थे. घटना वाले दिन वह अपनी पान की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में उन्होंने सब्जी और अन्य घरेलू सामान भी खरीदा था. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया.

जैसे ही रणधीर कुमार सुनसान इलाके में पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

सूचना मिलते ही रामपुर हरि थाना अध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं. साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं.

लगातार हत्या की धमकियां मिल रही थीं

मृतक की पत्नी चिंटू देवी ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके पति के मोबाइल पर लगातार हत्या की धमकियां मिल रही थीं. हालांकि इस संबंध में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. घटना के बाद रणधीर कुमार का मोबाइल फोन भी मौके से गायब बताया जा रहा है, जिससे पुलिस को शक है कि अपराधी उसे अपने साथ ले गए.

हत्या की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. पूर्व राजद विधायक मुन्ना यादव समेत कई स्थानीय राजद नेता एसकेएमसीएच पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. वहीं मृतक के चचेरे भाई शशि रंजन कुमार ने बताया कि रणधीर की किसी से सीधी दुश्मनी की जानकारी परिवार को नहीं थी.

इस घटना के बाद रणधीर कुमार की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. एसडीपीओ पूर्वी अलय वत्स्य ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी दुश्मनी की आशंका सामने आई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.