Kodagu News: कर्नाटक के कोडगु में जंगली हाथियों का आतंक, 10 दिनों में दूसरी मौत; पूर्व पंचायत सदस्य को कुचला
कर्नाटक के कोडगु जिले में जंगली हाथी के हमले में नंजनरायपट्टन ग्राम पंचायत की पूर्व सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई. वह पैदल जा रही थीं, तभी अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया. पिछले दस दिनों में हाथी के हमले से यह दूसरी मौत है.
कर्नाटक के कोडगु जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. यहां के कई इलाकों में हाथियों के झुंड आबादी वाले क्षेत्रों में घुसकर लोगों में दहशत फैला रहे हैं. इसी बीच, कोडगु के वाल्नूर गांव में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान नंजनरायपट्टन ग्राम पंचायत की पूर्व सदस्य जलजाक्षी (53) के रूप में हुई है.
जलजाक्षी पैदल जा रही थीं, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) गोपाल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
10 दिन पहले छात्रा की मौत
दरअसल, यह कोई पहली घटना नहीं है. 10 दिन पहले कोडगु जिले के बेट्टत्तूर इलाके में भी जंगली हाथी के हमले में एक छात्रा की जान चली गई थी. मृत छात्रा की पहचान पूजा के रूप में हुई थी. बताया गया कि पूजा अपने माता-पिता के साथ बाइक से घर लौट रही थी. घर के पास पहुंचकर जैसे ही वह बाइक से उतरी, उसी समय अंधेरे में पीछे से आए एक हाथी ने उस पर अचानक हमला कर दिया.
हमले के दौरान पूजा की चीख सुनकर उसकी मां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. हाथी के पैरों तले दबने से पूजा की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना अभी लोगों के जेहन से पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थी कि अब एक और महिला की मौत ने इलाके में डर का माहौल और गहरा कर दिया है.
लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का आरोप है कि इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही लंबे समय से बढ़ रही है, लेकिन वन विभाग इस समस्या को लेकर कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है.