Siddharth Bhardwaj vs Mohit Suri: ‘एक विलेन’ की स्क्रिप्ट बदलने और धमकी देने का आरोप; सिद्धार्थ भारद्वाज ने मोहित सूरी पर किए चौंकाने वाले खुलासे

रियलिटी शो 'द 50' के कंटेस्टेंट सिद्धार्थ भारद्वाज ने डायरेक्टर मोहित सूरी पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। सिद्धार्थ का दावा है कि 'एक विलेन' के दौरान स्क्रिप्ट बदलकर उन्हें अपमानजनक रोल दिया गया और फिल्म छोड़ने पर मोहित सूरी ने उन्हें इंडस्ट्री में काम न करने देने की धमकी दी थी।

बॉलीवुड के जाने-माने डायरेक्टर मोहित सूरी ने बीते साल अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सैयारा’ से खूब सुर्खियां बटोरी थीं. इस मूवी के बाद मोहित सूरी एक बार फिर लाइमलाइट में आ गए हैं. लेकिन इस बार उनके चर्चा में आने की वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनपर लगे आरोप हैं. इंडियन क्रिकेटर दीपक चाहर के साले सिद्धार्थ भारद्वाज ने मोहित सूरी पर कई आरोप लगाए हैं. टीवी शो ‘द 50’ में नजर आए सिद्धार्थ ने एक हालिया इंटरव्यू में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपने एक्सपीरियंस को लेकर बात की और साथ ही उन्होंने मोहित सूरी को लेकर भी कई चौंकाने वाली बातें बताईं.

ग्लैमर की दुनिया से लंबा ब्रेक लेने के बाद सिद्धार्थ भारद्वाज ने रियलिटी शो ‘द 50’ से धमाकेदार कमबैक किया. लेकिन वो शो में ज्यादा दिन नहीं रुक पाए और शो से एविक्ट होने के बाद सिद्धार्थ भारद्वाज ने साल 2014 में आई फिल्म ‘एक विलेन’ से बाहर निकलने की खबरों पर बातचीत की. इसी दौरान उन्होंने खुलासा किया कि कैसे एक विलेन को छोड़ने पर उन्हें मोहित सूरी से धमकियां मिली थीं.

एक विलेन की बदली स्क्रिप्ट

2014 में सिद्धार्थ मोहित सूरी की फिल्म ‘एक विलेन’ में काम करने वाले थे. हालांकि, ऐसी खबरें थीं कि उन्होंने फिल्म छोड़ दी. उस घटना को याद करते हुए, सिद्धार्थ ने बताया, ” वो खबरें सच नहीं थीं. मोहित सूरी ने स्क्रिप्ट बदल दी थी, मुझे कुछ और बताया गया था. मैं शुरू में फिल्म नहीं करना चाहता था, क्योंकि ये बहुत छोटा रोल था. मैंने उनसे कहा था कि एक एक्टर के तौर पर मैं कुछ ऐसा करना चाहता हूं जो ज्यादा दमदार हो. मैं उस समय एकता कपूर मैम के साथ पहले से ही एक फिल्म कर रहा था, जिसका नाम था ‘कुकू माथुर की झंड हो गई’. उन्होंने मुझसे कहा कि रोल दमदार है और मुझे ये करना चाहिए. उनकी रिस्पेक्ट करते हुए मैंने फिल्म को हां कर दिया.”

एक विलेन में मिला था छोटा रोल

सिद्धार्थ भारद्वाज ने आगे कहा, “फिर उन्होंने स्क्रिप्ट बदल दी और उसमें मेरा कैरेक्टर ऐसे शख्स का था जो खुद को जूते से पीट रहा था, अपनी पैंट में पेशाब कर रहा था, सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​से छिप रहा था. फिर सिद्धार्थ आएगा, मुझे शूट कर देगा और मेरा रोल खत्म, क्योंकि स्क्रिप्ट अलग थी, तो मैंने कहा कि मैं ये नहीं कर सकता. उन्होंने मुझसे कहा कि ये ऐसा ही है और अगर कोई दिक्कत है, तो मैं तुम छोड़ सकते हो, इसलिए मैंने फिल्म छोड़ दी. लेकिन ऐसा हुआ कि मैं फिल्म से बाहर चला गया. देखो, मैं एक एक्टर हूं, मैं बाहर क्यों जाऊंगा? मुझे काम करना है. अगर मैं आपके सेट पर हूं, तो मैं बाहर जाने के लिए नहीं हूं.”

मोहित सूरी ने दी धमकी

सिद्धार्थ ने खुलासा किया कि उन्हें धमकियां मिलीं और मोहित सूरी के साथ उनकी कहा-सुनी भी हुई. सिद्धार्थ कहते हैं, “उसके बाद मुझे धमकियां मिलने लगीं कि वो मुझे कहीं भी काम नहीं करने देंगे. बहुत कुछ हुआ, ये हर अखबार में था. मोहित सूरी ने मेरे इंस्टाग्राम पोस्ट पर भी कमेंट किया था, जिसमें कहा गया था कि मैं उनके नाम का इस्तेमाल करके पब्लिसिटी चाहता हूं. मैंने जवाब दिया, “सर, आपकी शोहरत आपको आपके अंकल ने दी है, कम से कम मेरी शोहरत तो मेरी है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.