Ganga Expressway Update: मुरादाबाद के लिए ‘वरदान’ बनेगा गंगा एक्सप्रेस-वे; उद्योग और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

गंगा एक्सप्रेस-वे बनने से मुरादाबाद की मेरठ और प्रयागराज से कनेक्टिविटी मजबूत होगी. सिंभावली इंटरचेंज से दूरी 20 से 25 किलोमीटर कम होने से व्यापार और निर्यात को बड़ा लाभ मिलेगा.

उत्तर प्रदेश के ​मुरादाबाद के पीतल उद्योग और यहां के व्यापारिक भविष्य के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है, जहां मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे अब मुरादाबाद के लिए तरक्की की नई रफ्तार लेकर आ रहा है. इस गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिए मुरादाबाद की कनेक्टिविटी न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ से मजबूत होगी, बल्कि संगम नगरी प्रयागराज तक का सफर भी बेहद आसान होने जा रहा है.

मुरादाबाद से मेरठ या दिल्ली की ओर जाने वाले व्यापारियों और आम यात्रियों को अक्सर ट्रैफिक जाम और संकरे रास्तों का सामना करना पड़ता है, लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे इस पूरी तस्वीर को बदलने वाला है. अब मुरादाबाद के निर्यातकों को अपने उत्पाद बंदरगाहों या अन्य राज्यों तक भेजने में समय और लागत दोनों की बड़ी बचत होगी, जो शहर की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा. यह मास्टर प्लान शुरू हो गया है.

सिंभावली इंटरचेंज से बदलेगी तस्वीर

बता दें कि मुरादाबाद के लोगों के लिए मेरठ या प्रयागराज जाना किसी चुनौती से कम नहीं है. यहां तक पहुंचने के लिए यात्रियों को गढ़ रोड और बुलंदशहर जैसे व्यस्त हाईवे का सहारा लेना पड़ता है, जहां भारी वाहनों का दबाव और जाम घंटों का समय बर्बाद कर देता है, लेकिन अब मुरादाबाद के लोग सिंभावली इंटरचेंज के माध्यम से सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ सकेंगे. मेरठ के बिजौली से शुरू होने वाला यह सफर अब बिना किसी रुकावट के तेज रफ्तार से तय किया जा सकेगा है.

20-25 किमी कम होगा सफर

इससे सफर का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा. गंगा ​एक्सप्रेसवे के निर्माण से मुरादाबाद और मेरठ के बीच की दूरी में लगभग 20 से 25 किलोमीटर की सीधी कमी आएगी. यह कमी सुनने में छोटी लग सकती है, लेकिन एक निर्यातक शहर के लिए ईंधन की बचत और समय पर डिलीवरी बहुत मायने रखती है. सिंभावली इंटरचेंज एक गेम-चेंजर साबित होगा, क्योंकि यह गंगा एक्सप्रेस-वे को दिल्ली-लखनऊ हाईवे से सीधे जोड़ देगा है.

इससे मुरादाबाद के व्यापारियों को दिल्ली की मंडियों और लखनऊ के गलियारों तक सीधी पहुंच मिलेगी. यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मुरादाबाद के ‘पीतल नगरी’ वाले गौरव को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक सिद्ध होने वाला है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.