Haryana Weather Update: हरियाणा में 15-16 मार्च को बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट; 40km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें अपने जिले का हाल
हरियाणा में मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंचकूला, अंबाला और करनाल सहित कई जिलों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तपती गर्मी से मिलेगी राहत, लेकिन फसलों को नुकसान का डर।
हरियाणा : हरियाणा में मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग की ओर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपती गर्मी के बीच लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि बारिश-ओलावृष्टि और आंधी से खेतों में फसलों व सब्जियों को नुकसान भी पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 17 मार्च को भी कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में औसतन 0.4°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद राज्य में तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है। आज राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 32.9°C रिकॉर्ड किया गया। आने वाले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है।