Viral News: सड़क के बीचों-बीच लगा दिया हैंडपंप! गजब की इंजीनियरिंग देख चकरा जाएगा सिर, सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

मिर्जापुर में पीडब्ल्यूडी की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां सड़क निर्माण के दौरान बीच सड़क में हैंडपंप छोड़ दिया गया. इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां सड़क निर्माण के दौरान चालू हैंडपंप को हटाए बिना ही सड़क बना दी गई. नतीजा यह हुआ कि सड़क के बीचों-बीच खड़ा हैंडपंप अब हादसों को न्योता दे रहा है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

यह पूरा मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इनारा इलाके का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सीएम योगी के दौरे से पहले आनन-फानन में सड़क का निर्माण कराया गया. जल्दबाजी में काम पूरा करने के चक्कर में न तो सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया और न ही बीच में मौजूद हैंडपंप को हटाने की जहमत उठाई गई.

स्थानीय निवासी आशीष कुमार यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से महज तीन दिन पहले ही इस सड़क का निर्माण किया गया था. निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों और ठेकेदारों ने हैंडपंप को शिफ्ट करने के बजाय उसे वहीं छोड़कर सड़क बना दी. इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है.

19 अप्रैल से नवरात्रि मेले का आयोजन

दरअसल, विंध्याचल क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर में 19 अप्रैल से नवरात्रि मेले का आयोजन होना है. इस दौरान लाखों श्रद्धालु मिर्जापुर से विंध्याचल के बीच आवाजाही करते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. लेकिन इसी तैयारी के बीच इस तरह की लापरवाही ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्राम प्रधान के निर्देश पर अब हैंडपंप को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

क्या बोले जिम्मेदार?

इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता बी.के. पांडेय ने सफाई देते हुए कहा कि हैंडपंप को शिफ्ट करने की जिम्मेदारी नगर पालिका की थी, लेकिन वह समय पर यह काम नहीं कर सकी. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हैंडपंप को वहां से हटा दिया जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.