Shocking Incident: बुजुर्ग पिता को बोरे में किया पैक, फिर कूरियर ऑफिस पहुँच गई बेटी; वजह जानकर दंग रह गई पुलिस
बेंगलुरु में रील बनाने के जुनून में एक परिवार ने बुजुर्ग पिता को ही कूरियर के बैग में बंद कर पार्सल करने की कोशिश की. पकड़े जाने पर उन्होंने तर्क दिया कि वे बस टिकट की किल्लत पर वीडियो बनाना चाहते थे.
सोशल मीडिया पर रील बनाने का चस्का लोगों पर किस कदर हावी हो रहा है, इसका एक खौफनाक और अजीबोगरीब उदाहरण बेंगलुरु से सामने आया है. यहां एक परिवार ने रील बनाने के लिए अपने ही बुजुर्ग पिता को एक बड़े बैग (बोरे) में बंद कर कूरियर करने की कोशिश की. इस घटना से हर कोई हैरान है. सोशल मीडिया पर भी इस केस की खूब चर्चा होने लगी है.
घटना मंगलवार की है, जब व्यालिकावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक कूरियर कार्यालय में एक महिला, उसका पति और सास-ससुर एक बहुत बड़ा पार्सल लेकर पहुंचे. पार्सल का आकार असामान्य रूप से बड़ा देखकर कर्मचारियों को शक हुआ. जब उन्होंने परिवार से पूछा कि इसके अंदर क्या है, तो किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया.
संदेह होने पर जब कर्मचारियों ने पैकेट खोला, तो उनके होश उड़ गए. बैग के अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति को ठूंसा गया था, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. जांच में पता चला कि वह बुजुर्ग उस महिला के पिता ही थे, जो कूरियर बुक कराने आई थी.
तर्क ऐसा कि पुलिस भी रह गई दंग
हैरानी की बात यह है कि पकड़े जाने के बाद भी परिवार अपनी हरकत को गलत मानने के बजाय उसका बचाव करता रहा. उन्होंने पुलिस को बताया- वे उगादी और रमजान के त्योहारों के दौरान बस टिकट न मिलने की समस्या को उजागर करना चाहते थे. उनका मकसद एक रील बनाना था, जिसमें यह संदेश दिया जा सके कि टिकट न मिलने की स्थिति में अब इंसानों को भी कूरियर के जरिए भेजने की नौबत आ गई है. कर्मचारियों के विरोध के बावजूद परिवार जिद पर अड़ा रहा कि उन्होंने बहुत मेहनत की है, इसलिए पार्सल को बुक कर लिया जाए.
पुलिस की कार्रवाई
मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची खाकी वर्दीधारियों ने परिवार को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. पुलिस ने परिवार के सदस्यों का माफी मांगते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया और भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत न करने की कड़ी चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया.