Panna Crime: ‘मेरे मां-बाप ने पत्नी को मार डाला’; पन्ना में टीचर पति का खुलासा, गर्भवती थी मृतक महिला

पन्ना में 7 माह की गर्भवती बहू नीता की हत्या से हड़कंप मच गया है. शिक्षक पति दयाराम साहू ने चौंकाते हुए अपने ही माता-पिता पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है.

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सिमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार में 7 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतका के पति ने अपने ही माता-पिता पर हत्या का आरोप लगा दिया.

जानकारी के अनुसार, मृतका नीता की हत्या उस समय की गई जब वह घर में खाना बना रही थी. पति दयाराम साहू पेशे से शिक्षक हैं. उनका आरोप है कि घटना के वक्त वह स्कूल में ड्यूटी पर थे. इसी दौरान उनके पिता कुटुआ साहू और मां मत्थी बाई ने पुरानी रंजिश के चलते नीता पर कुदाल और तवे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

सास पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार

शुरुआती जांच में पुलिस ने सास मत्थी बाई को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अब मृतक पति ने अपने पिता को भी इस जघन्य अपराध का मुख्य आरोपी बताते हुए गिरफ्तारी की मांग की है. दयाराम का कहना है कि उनकी बुजुर्ग मां अकेले इस तरह की वारदात को अंजाम नहीं दे सकतीं, इसलिए पिता की भूमिका की भी गहन जांच होनी चाहिए.

दयाराम की पहली पत्नी की भी हुई थी मौत

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दयाराम की पहली पत्नी की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी, जिसे उस समय आत्महत्या का रूप दे दिया गया था. इस खुलासे के बाद पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

न्याय की मांग को लेकर दयाराम साहू एसपी कार्यालय पहुंचे और अपने पिता की गिरफ्तारी की गुहार लगाई. वहीं, मृतका के पिता ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य एकत्र कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.