Omar Abdullah: ‘सरकार की बात पर भरोसा नहीं और अफवाहों पर यकीन…’ सीएम उमर अब्दुल्ला ने लोगों को दी सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी व लॉकडाउन की अफवाहों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब सरकार की ओर से आधिकारिक जानकारी दी जाती है तो लोग उसे नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन अफवाहों पर तुरंत भरोसा कर लेते हैं. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि केंद्र सरकार ने भी स्पष्ट कर दिया है कि देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की किसी तरह की कोई कमी नहीं है.

सीएम उमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें. घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इसी तरह अफवाहों के चलते हालात बिगड़ते रहे तो उन्हें कुछ समय के लिए पेट्रोल पंप बंद करने जैसे सख्त कदम उठाने पड़ सकते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई ऑनलाइन बैठक का भी जिक्र किया.

देशभर में पेट्रोलियम प्रोडक्ट की कोई कमी नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा, वह इस बैठक में शामिल होंगे, जहां ईरान और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने फिर दोहराया कि देशभर में पेट्रोलियम प्रोडक्ट की कोई कमी नहीं है. वहीं, ईरान जंग में पाकिस्तान की संभावित मध्यस्थता पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान के ईरान और इजराइल से अच्छे संबंध हैं और वह मध्यस्थता करना चाहता है तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए. अगर पाकिस्तान के बातचीत के जरिए युद्ध को रोका जा सकता है तो यह एक सकारात्मक कदम होगा.

पेट्रोल, डीजल और गैस पर केंद्र ने क्या कहा?

गुरुवार को केंद्र सरकार नेकहा, देश के पास करीब 60 दिन का ईंधन भंडार है. पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस की कोई कमी नहीं है.सरकार ने ईंधन की कमी की खबरों को जानबूझकर फैलाया गया गलत सूचना अभियान करार दिया, जिसका मकसद लोगों में दहशत पैदा करना है.पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा, देश के सभी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक है.

मंत्रालय ने कहा, पेट्रोलियम उत्पादों के परिशोधन (Refinement) के मामले में दुनिया में चौथे और 5वां सबसे बड़ा निर्यातक भारत घरेलू ईंधन की उपलब्धता को संरचनात्मक रूप से सुनिश्चित करता है. 150 से अधिक देशों को रिफाइन ईंधन की आपूर्ति करता है. हर भारतीय रिफाइनरी 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता पर चल रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.