रेवाड़ी हाईटेक जेल से 2 कैदी फरार: ऑनलाइन ठगी के आरोपी थे फैजान और जाहिद
रेवाड़ी जिला जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध! ऑनलाइन ठगी के आरोपी यूपी निवासी दो कैदी फैजान और जाहिद फरार। पुलिस की 3 टीमें गठित, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप।
रेवाड़ी: रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है. घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 27 मार्च की शाम को नियमित गिनती के दौरान दो बंदी कम पाए गए. इस सूचना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. दोनों फरार कैदी ऑनलाइन ठगी के मामलों में आरोपी बताए जा रहे हैं. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
दोपहर तक थे मौजूद: जेल वार्डन मुस्ताक अहमद ने बताया कि, “दोनों कैदियों को दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर में अन्य बंदियों के साथ देखा गया था. इसके बाद वे अचानक लापता हो गए. फरार कैदियों की पहचान 22 वर्षीय फैजान (निवासी रामपुरा) और 21 वर्षीय जाहिद (निवासी इटावा) के रूप में हुई है. जेल परिसर और आसपास के इलाकों में तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.”
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: इस घटना ने जेल की हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रारंभिक जांच में जेल कर्मचारियों की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. जिस तरह से दो कैदी बिना किसी जानकारी के फरार हो गए, उससे सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमजोरियां उजागर हुई हैं. प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है.
पुलिस की तीन टीमें गठित: वहीं, इस मामले में सदर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि, “मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. फरार कैदियों की तलाश के लिए रेवाड़ी CIA, धारूहेड़ा CIA और सदर थाना पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है.”