मामूली बात और खौफनाक अंत! डीजे पर डांस करने को लेकर पति ने टोका, तो पत्नी ने दी जान

झारखंड के दुमका जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब पति के डांस करने से नाराज पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

झारखंड के दुमका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी की खुशियां एक मामूली विवाद की वजह से मातम में बदल गईं. डीजे पर पति के डांस करने से नाराज पत्नी ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

यह घटना दुमका जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के सहरो गांव की है. यहां मनोज राय नामक युवक अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से छुट्टी लेकर घर आया था, जहां वह काम करता है. शादी के दौरान घर में उत्सव का माहौल था और सभी लोग नाच-गाने में मग्न थे. इसी दौरान मनोज राय भी ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर जमकर डांस कर रहा था.

डांस को लेकर पति से हुआ था झगड़ा

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मनोज की पत्नी सूर्या देवी को उसका इस तरह डांस करना पसंद नहीं आया. उसने कई बार अपने पति को डांस करने से मना किया, लेकिन शादी की खुशी में डूबे मनोज ने उसकी बातों को नजरअंदाज कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई.

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सूर्या देवी बेहद आहत और नाराज हो गई. गुस्से और आवेश में आकर वह शादी समारोह से बाहर निकल गई और रात के अंधेरे में घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे पहुंच गई. वहीं उसने कीटनाशक पी लिया. कुछ समय बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत उसे इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे.

परिवार में पसरा मातम

हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह बदल गया और जहां खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया. परिवार और गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

फिलहाल, गोपीकांदर थाना की पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.