Honor Killing: सहेली के भाई से था प्यार, सुनते ही बेटी पर भड़का पिता; हथौड़े से वार कर ले ली जान

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी. युवती प्रेम विवाह करना चाहती थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हथौड़े से वार कर उसकी जान ले ली.

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में घूमनसर कलां गांव है. यहां ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवती को प्यार करने की भारी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. परिवार की तथाकथित इज्जत का हवाला देते हुए उसके ही पिता ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

पिलानी थाना क्षेत्र के घूमनसर कलां गांव में हुई इस घटना का खुलासा पुलिस ने बीते रविवार को किया. पुलिस ने बेटी की हत्या के आरोप में पिता को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि युवती अपनी सहेली के भाई से प्रेम विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार खासकर उसके पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था.

अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे परिवारवाले

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार के लोग जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, ताकि सच्चाई सामने न आ सके. लेकिन मृतका के चचेरे भाई और उसकी मौसी को इस घटना पर शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आशंका जताई कि युवती की हत्या की गई है.

सूचना मिलते ही पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान सिंह मौके पर पहुंचे. उस समय घर के आंगन में युवती की अर्थी सजाई जा रही थी और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार रुकवाया गया और जांच शुरू की गई.

घरवालों से कहासुनी हुई थी

शुरुआती जांच में सामने आया कि 23 वर्षीय प्रियंका अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी. इस बात को लेकर शुक्रवार रात को भी घर में कहासुनी हुई थी. विवाद के बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई. देर रात करीब एक बजे जब वह कमरे से बाहर निकली, तभी पहले से घात लगाए बैठे उसके पिता सुरेंद्र कुमार ने उस पर हथौड़े से हमला कर दिया. कनपटी पर जोरदार वार होने से प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई.

Leave A Reply

Your email address will not be published.