INS Dega Case: नौसेना कर्मी रविंद्र ने पूर्व प्रेमिका को 5 टुकड़ों में काटा; जानें कौन है आरोपी और क्या थी हत्या की वजह?
रविंद्र ने मोनिका की गला घोंटकर हत्या की थी. इसके बाद मोनिका के शरीर को पांच टुकड़ों में काट दिया था- सिर, दोनों हाथ, धड़, कमर और पैर... ताकि कोई सुराग न बचे. धड़ को फ्रिज में रखा गया था, जबकि कमर और दोनों पैरों को एक सूटकेस में रखा गया था.
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादीशुदा एक भारतीय नौसेना के एक कर्मचारी ने अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर दी. इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए पूर्व प्रेमिका के शव के 5 टुकड़े कर तीन हिस्सों को फ्रिज और सूटकेस में छिपा दिया और दो हिस्सों को जला दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी नौसेना कर्मी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर रही है.
डेटिंग ऐप पर हुई थी दोनों की मुलाकात
वहीं मृतका की पहचान मोनिका (31) के रूप में हुई, जो विशाखापत्तनम के ताटीचेटला पालेम इलाके में रहती थी, जिससे रविंद्र 2021 से संपर्क में था. दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. पुलिस ने बताया कि समय के साथ दोनों के बीच संबंध गहरे हो गए थे और वे विशाखापत्तनम में अलग-अलग जगहों, जैसे पार्क और थिएटर में अक्सर मिलते थे.
रविंद्र को धमकाती थी पूर्व प्रेमिका मोनिका
इसके बाद 2024 में रविंद्र ने दूसरी महिला के साथ शादी कर ली. पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने बताया कि मोनिका उसे धमकाती थी कि उनके रिश्ते के बारे में उसकी पत्नी को बता देगी. यही नहीं मोनिका ने उससे 3.5 लाख रुपए भी ले लिए. इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे, जिसके बाद उसने साजिश रची और मोनिका की हत्या कर दी.
ऑनलाइन चाकू मंगाकर शव के टुकड़े किए
पुलिस ने आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ कर रही है. अधिकारी ने आगे बताया कि घटना वाले दिन आरोपी रविंद्र ने मोनिका को विशाखापत्तनम के गाजुवाका इलाके में स्थित अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां दोनों के बीच जोरदार बहस हुई. इसके बाद रविंद्र ने गला दबाकर मोनिका की हत्या कर दी.
इसके बाद ऑनलाइन से चाकू मंगाकर शव के 5 टुकड़े किए. सिर और दोनों हाथों को सिंम्हाचलम इलाके में ले जाकर जला दिया. धड़ को फ्रिज में रखा दिया, जबकि कमर और दोनों पैरों को एक सूटकेस में रख कर छिपा दिया.
2022 में भी हुआ था ऐसा ही केस
यह मामला 18 मई 2022 को श्रद्धा वालकर की क्रूर हत्या की भयावह याद दिलाता है. श्रद्धा वालकर की उसके लिव-इन पार्टनर आफताब ने दिल्ली स्थित फ्लैट में गला घोंटकर हत्या कर दी थी. आरोप है कि उसने श्रद्धा के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और कटे हुए हिस्सों को एक फ्रिज में भरकर कई दिनों तक राजधानी में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया, ताकि किसी को पता न चल सके.