HBSE Board Exams 2026: हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न, नकल के मामलों में भारी गिरावट

हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पिछले 3 सालों में सबसे कम नकल के मामले दर्ज हुए। जानें पूरी रिपोर्ट।

भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बुधवार को बोर्ड मुख्यालय पर पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 25 फरवरी से शुरू 10वीं, 12वीं एवं डी.एल.एड. की परीक्षाओं का बुधवार को शांतिपूर्वक समापन हो गया है। अन्तिम दिन 736 परीक्षा केन्द्रों पर हुई 12वीं की राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क व संस्कृत व्याकरण-2 (आर्य पद्धति गुरुकुल/परंपरागत संस्कृत विद्यापीठ) विषय की परीक्षा में 45,377 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा नकल रहित सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुई तथा अनुचित साधन प्रयोग का केवल एक मामला दर्ज किया गया।

इस प्रकार प्रदेशभर में अनुचित साधन प्रयोग के करीब 388 मामले दर्ज किए गए जो पिछले 3 सालों की तुलना में सबसे कम है। इन परीक्षाओं में ड्यूटी के प्रति कोताही बरतने वाले 7 प्रमुख केन्द्र अधीक्षक, 2 केन्द्र अधीक्षक तथा 61 पर्यवेक्षकों रिलीव किया गया। इनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को लिख दिया गया है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में इन परीक्षाओं दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना जिसके आधार पर परीक्षा की शुचिता व पवित्रता पर कोई प्रश्न चिन्ह लगे घटित नहीं हुई और परीक्षाओं का शांतिपूर्वक ढंग से समापन हुआ। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सी.एम., शिक्षा मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों तथा समस्त प्रिंट व इलैक्ट्रॉनिक मीडिया, शिक्षक वर्ग व बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 1433 परीक्षा केंद्र गठित किए गए थे। इन परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें 10वीं के 2,95,748, 12वीं के 2,70,663 व डी. एल.एड. के 5356 परीक्षार्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा नकल करने व करवाने वालों प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई तथा परीक्षा को पारदर्शी, नकल रहित व सुसंचालन के लिए 325 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि 10वीं के 2 तथा 12वीं के 3 परीक्षा केन्द्रों की परीक्षाएं रद्द की गई हैं। इसके अलावा 3 परीक्षा केन्द्रों को शिफ्ट किया गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.